डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
जनता के सामने नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया
Photo: @DKShivakumar X account
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने लोक भवन के ग्लास हाउस में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डीके शिवकुमार ने जनता के सामने नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने शपथ ग्रहण के समय अपने हाथ में संविधान की एक प्रति भी ले रखी थी। डीके शिवकुमार ने संत 'गंगाधर अज्जा' के नाम पर शपथ ली। उनके बाद डॉ. जी. परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।राज्यपाल ने केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खरगे, यूटी खादर, ईश्वर खांड्रे, यतींद्र सिद्दरामय्या, बिरथी सुरेश, डॉ. शरण प्रकाश पाटिल को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
डीके शिवकुमार ने शपथ ग्रहण समारोह में जाने से पहले घर पर अपनी मां के चरणों में झुककर आशीर्वाद प्राप्त किया। वे पूर्व प्रधानमंत्री एवं जद (एस) के दिग्गज नेता एचडी देवेगौड़ा के आवास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। वे पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडीयुरप्पा के आवास भी गए और उनसे आशीर्वाद लेकर शपथ ग्रहण समारोह में आए।
डीके शिवकुमार ने शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने वाले साधु-संतों से आशीर्वाद लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी समारोह में शिरकत की। डीके शिवकुमार ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या से भेंट की, जिन्होंने गले लगाकर शिवकुमार को शुभकामनाएं दीं।


