प. बंगाल: न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में एनआईए ने की बड़ी कार्रवाई

14 और लोगों को गिरफ्तार किया

प. बंगाल: न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में एनआईए ने की बड़ी कार्रवाई

Photo: @NIA_India X account

कोलकाता/दक्षिण भारत/भाषा। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में विधानसभा चुनाव से पहले न्यायिक अधिकारियों के घेराव के मामले में 14 और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
अधिकारियों ने बताया कि जिले के कालियाचक और मोथाबारी इलाकों में कई स्थानों पर तलाशी के बाद सोमवार रात ये गिरफ्तारियां की गईं।

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में अब तक 68 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांचकर्ताओं के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पिछले महीने मोथाबारी में न्यायिक अधिकारियों के कथित उत्पीड़न और उन्हें बंधक बनाए जाने की घटना में सीधी संलिप्तता थी।

अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ एक अप्रैल को हिंसक हो गई थी। भीड़ ने सड़कें अवरुद्ध कर दी थीं, वाहनों में तोड़फोड़ की थी और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। इस दौरान सात न्यायिक अधिकारियों को मोथाबारी स्थित ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के भीतर बंधक बना लिया गया, जबकि आठवें अधिकारी को करीब नौ घंटे तक एक वाहन में रखा गया।

इन न्यायिक अधिकारियों को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए तैनात किया गया था। सुरक्षाबलों ने उन्हें देर रात बचाया था, जिसके बाद राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘एनआईए घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पहले गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने के दौरान कई महत्त्वपूर्ण सुराग मिले हैं जिनके आधार पर पिछले कुछ सप्ताह में कई गिरफ्तारियां की गई हैं।’

उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद एनआईए ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इससे पहले गिरफ्तार किए गए लोगों में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के मोथाबारी उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली कादरी और आईएसएफ नेता गुलाम रब्बानी शामिल हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download