इजराइल से क्या सीखें?

यहूदी सदियों तक दुनियाभर में प्रताड़ित होते रहे

इजराइल से क्या सीखें?

'मोसाद' के कारनामे जानकर लोग हैरान रह जाते हैं

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इस कथन में कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि 'इजराइल के लिए भारत में जबर्दस्त प्रेम है।' भारत के लोग इजराइल को अपना सच्चा मित्र मानते हैं। दोनों देशों के इतिहास में कई समानताएं हैं। इजराइल आतंकवाद से पीड़ित रहा है। इसके हजारों निर्दोष लोगों ने आतंकवाद के कारण प्राण गंवाए हैं। भारत भी पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद का सामना कर रहा है। विदेशी आक्रांताओं ने हमें सदियों तक लहूलुहान किया था। यहूदी भी सदियों तक दुनियाभर में प्रताड़ित होते रहे। आज इजराइल एक मजबूत देश है। वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है। उसकी खुफिया एजेंसी 'मोसाद' के कारनामे जानकर लोग हैरान रह जाते हैं। इजराइल क्षेत्रफल की दृष्टि से छोटा-सा देश है, लेकिन यह बड़ी-बड़ी ताकतों को नकेल डालना जानता है। इसके पास ऐसा बहुत कुछ है, जिससे अन्य देश सीख सकते हैं। जब इजराइल का निर्माण हुआ था तो इसे रेगिस्तानी और पथरीली जमीन मिली थी... बिल्कुल बंजर, लेकिन इजराइल के लोगों ने अपने भाग्य को कोसने के बजाय मेहनत और विज्ञान का रास्ता अपनाया। उन्होंने रेगिस्तान को हरा-भरा बना दिया। वहां बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति से खेत लहलहाने लगे। इजराइल ने फल, सब्जी, अनाज, दूध और शहद उत्पादन में मिसाल कायम की। वहां पेयजल की कमी थी। उसके वैज्ञानिकों ने समुद्री जल का विलवणीकरण कर दिया। इजराइली सरकार ने देश के कोने-कोने में पेयजल की लाइन बिछा दी। इजराइल के युवाओं के लिए सैन्य प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। जब भी देश को उनकी जरूरत पड़ती है, वे मोर्चे पर जाने के लिए तैयार रहते हैं।

Dakshin Bharat at Google News
राजनीतिक मतभेद वहां भी खूब हैं, लेकिन जब देशहित की बात आती है तो सब एकजुट हो जाते हैं। इजराइल पर आतंकवादी संगठन आए दिन हमले करते रहते हैं। उन्हें विदेशी समर्थन प्राप्त होता है। इजराइली नागरिकों ने मुश्किल हालात में शांत और अनुशासित रहना सीख लिया है। इस देश में जगह-जगह बंकर बने हुए हैं। जब भी सरकार द्वारा अलर्ट भेजा जाता है, सभी लोग बंकर और सुरक्षित जगहों में छिप जाते हैं। कहीं अफरा-तफरी नहीं मचती। घायलों की मदद के लिए हर कोई तैयार रहता है। घरों में प्राथमिक उपचार का सामान उपलब्ध रहता है। इजराइल में छल-कपट, धोखे, लालच, झूठे वादे और भौतिक लाभ के सब्ज-बाग दिखाकर किसी का धर्मांतरण कराना अपराध की श्रेणी में आता है। जो व्यक्ति ऐसा करता है, वह कठोर दंड पाता है। इस देश की कुल आबादी लगभग एक करोड़ है। इससे ज्यादा लोग तो दुनिया के कई शहरों में रहते हैं। फिर भी इजराइल का वैश्विक प्रभाव बहुत ज्यादा है। यह संख्या से ज्यादा गुणवत्ता पर विश्वास करता है। इसने ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान को अपनी ताकत बनाया है। इसने अपनी सुरक्षा के लिए तकनीक विकसित की। इजराइली ड्रोन और मिसाइलों से दुश्मन थर्राते हैं। हिज़्बुल्लाह, हमास जैसे संगठनों के दर्जनों कमांडरों को इजराइल ने ड्रोन की मदद से ढूंढ़ा और मार गिराया। सात अक्टूबर, 2023 को जब हमास ने इजराइल पर अचानक हमला कर कई नागरिकों की हत्या की थी, तब मोसाद की बहुत आलोचना हुई थी। उसके बाद इजराइल ने बहुत जबर्दस्त पलटवार किया। दुनिया ने देखा कि उक्त कट्टरपंथी संगठनों के आका ही नहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई तक लपेटे में आ गए। इजराइल लड़ना जानता है, जूझना जानता है। वह अपना अस्तित्व बचाने के लिए हर संभव कोशिश करना जानता है। उसमें 'शत्रुबोध' गजब का है। वहां विदेशी आक्रांताओं, अत्याचारियों और लुटेरों का महिमा-मंडन नहीं किया जाता। वहां आतंकवादियों के लिए मोमबत्ती लेकर कोई नहीं निकलता। जो कौम अपने धर्म और देश के साथ इतनी मजबूती से जुड़ी होती है, वह बड़े से बड़े खतरे का हंसते-हंसते सामना कर लेती है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download