ट्विशा शर्मा मामले की जांच के लिए सीबीआई टीम उनके ससुराल पहुंची
सीबीआई की टीम में महिलाकर्मी भी शामिल
Photo: cbi website
भोपाल/दक्षिण भारत। सीबीआई की एक टीम मंगलवार को सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की मौत की जांच करने के लिए भोपाल स्थित उनके आवास पर पहुंची। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सीबीआई की टीम, जिसमें महिलाकर्मी भी शामिल थीं, को कटारा हिल्स इलाके में स्थित एक घर में प्रवेश करते देखा गया। मीडियाकर्मी आवास के बाहर जमा हो गए, लेकिन कथित तौर पर उन्हें परिसर के अंदर जाने से रोक दिया गया।एजेंसी ने सोमवार को औपचारिक रूप से ट्विशा शर्मा की मौत की जांच अपने हाथ में ले ली। ट्विशा 12 मई को कथित तौर पर अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं।
सीबीआई ने मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा शुरू में दर्ज किए गए मामले को फिर से दर्ज करने के बाद, समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी ने जांच का जिम्मा संभालने और संबंधित दस्तावेज़ तथा सबूत इकट्ठा करने के लिए भोपाल में एक विशेष अपराध जांच इकाई भेजी।
सीबीआई ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दहेज मृत्यु, पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता और साझा इरादे से संबंधित धाराओं के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों को भी लागू किया। ये वही आरोप हैं, जिन्हें पहले राज्य पुलिस ने लगाया था।
भोपाल पुलिस ने ट्विशा की मौत के दो दिन बाद एफआईआर दर्ज की थी। जांचकर्ताओं को दिए गए बयानों में, ट्विशा के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि 9 दिसंबर, 2025 को शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले दहेज से जुड़े मामलों को लेकर उसे परेशान कर रहे थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
ट्विशा के परिवार ने ससुराल वालों पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया और दावा किया कि कथित उत्पीड़न के कारण ही महिला ने यह कदम उठाया था। वहीं, गिरिबाला सिंह ने ट्विशा शर्मा के मानसिक स्वास्थ्य और चिकित्सा उपचार पर सवाल उठाए हैं।
समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर में गिरफ़्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले 10 दिनों से फ़रार चल रहा था। बाद में भोपाल की एक अदालत ने उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।


