मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं: ट्रंप

मोदी को 'महान' मित्र बताया

मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं: ट्रंप

Photo: WhiteHouse FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत मुझ पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'महान' मित्र बताया।

Dakshin Bharat at Google News
यहाँ भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने शिरकत की।

इस कार्यक्रम की एक और खास बात एआर रहमान की प्रस्तुति थी। ट्रंप ने गोर के साथ फ़ोन पर हुई बातचीत में कहा, 'मैं बस सभी को 'हैलो' कहना चाहता हूं। मुझे प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं, (नरेंद्र) मोदी बहुत बढ़िया हैं, वे मेरे दोस्त हैं और मैं बस सभी को 'शुभ संध्या' कहना चाहता हूं।'

उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।'

अमेरिकी राजदूत ने दर्शकों को ट्रंप की टिप्पणियां सुनाने के लिए अपना फ़ोन एक माइक्रोफ़ोन के पास रखा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'हम भारत के इतने करीब पहले कभी नहीं रहे और भारत मुझ पर तथा हमारे देश पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें कभी मदद की ज़रूरत पड़ती है, तो उन्हें पता है कि कहां फ़ोन करना है — वे सीधे यहीं फ़ोन करेंगे।'

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा, 'हम अच्छा कर रहे हैं, हम रिकॉर्ड बना रहे हैं। हमारी अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड स्तर पर है, हमारा शेयर बाज़ार रिकॉर्ड स्तर पर है।'

शाम का मुख्य आकर्षण रहमान की परफॉर्मेंस थी, जिसमें उन्होंने 'दिल से', 'मां तुझे सलाम' और 'तेरे बिना' जैसे हिट गाने गाए।

अपनी टिप्पणी में, ट्रंप ने रूबियो को 'अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री' भी बताया और अपनी बात समाप्त करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी को मेरा नमस्कार कहना और उन्हें बताना कि मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।'

अपने संक्षिप्त संबोधन में, रूबियो ने भारत को अमेरिका का एक प्रमुख साझेदार बताया। 

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download