जयशंकर और रुबियो ने व्यापार समझौते का स्वागत किया
ऊर्जा, परमाणु, रक्षा और महत्त्वपूर्ण खनिजों पर चर्चा की
Photo: @DrSJaishankar X account
न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन/दक्षिण भारत। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुए व्यापार समझौते का स्वागत किया और वॉशिंगटन डीसी में हुई अपनी बैठक के दौरान महत्त्वपूर्ण खनिजों की खोज और खनन के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को औपचारिक रूप देने पर चर्चा की।
रुबियो ने बुधवार को अमेरिका द्वारा आयोजित की जाने वाली पहली क्रिटिकल मिनरल्स मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले, स्टेट डिपार्टमेंट में जयशंकर के साथ द्विपक्षीय चर्चा की।बैठक के बाद जयशंकर ने एक्स पर लिखा, 'आज दोपहर अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से मिलकर खुशी हुई। हमारी द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक बातचीत हुई।'
उन्होंने लिखा, 'भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के जिन पहलुओं पर चर्चा हुई, उनमें व्यापार, ऊर्जा, परमाणु, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और प्रौद्योगिकी शामिल हैं। हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न तंत्रों की प्रारंभिक बैठकों पर सहमति बनी।'
स्टेट डिपार्टमेंट के प्रधान उप प्रवक्ता टॉमी पिगॉट द्वारा द्विपक्षीय बैठक के बारे में जारी विवरण में कहा गया कि रुबियो और जयशंकर ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुए व्यापार समझौते का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने नई आर्थिक संभावनाओं को खोलने और हमारे साझा ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए हमारे लोकतंत्रों के साथ मिलकर काम करने के महत्त्व पर ज़ोर दिया।
पिगॉट ने आगे कहा कि रुबियो और जयशंकर ने महत्त्वपूर्ण खनिजों की खोज, खनन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को औपचारिक रूप देने पर चर्चा की।


