अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर हुई सहमति
ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत की
Photo: WhiteHouse FB Page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भारत और अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं, जिसके तहत वॉशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद यह जानकारी दी।
ट्रंप ने दावा किया कि भारत, अमेरिका के खिलाफ 'टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं' को शून्य तक कम करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर, हमने तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति जताई है, जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका पारस्परिक शुल्क को कम करेगा और इसे 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।'
उन्होंने कहा, 'भारत भी इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य तक कम करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।'
ट्रंप ने कहा कि मोदी ने 'बाय अमेरिकन' नीति को कहीं अधिक उच्च स्तर पर अपनाने की भी प्रतिबद्धता जताई है, इसके अलावा अमेरिका से 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य की ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पाद खरीदने का भी वादा किया है।
उन्होंने कहा, 'भारत के साथ हमारा अद्भुत संबंध आगे चलकर और भी मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे दो लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं — ऐसा अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता।'


