झारखंड: गुमला में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़, 3 माओवादी ढेर
घटनास्थल से तीन हथियार भी बरामद किए गए
Photo: PixaBay
रांची/दक्षिण भारत। झारखंड के गुमला जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित माओवादी समूह के कम से कम तीन सदस्य मारे गए।
झारखंड जगुआर और गुमला पुलिस सहित सुरक्षा बलों और झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के माओवादियों के बीच मुठभेड़ सुबह करीब आठ बजे बिष्णुपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक वन क्षेत्र में हुई।आईजी (ऑपरेशन) और झारखंड पुलिस के प्रवक्ता माइकल राज एस ने बताया, 'मुठभेड़ में जेजेएमपी के तीन माओवादी मारे गए। घटनास्थल से तीन हथियार भी बरामद किए गए।'
ताजा मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मारे गए माओवादियों की पहचान लोहरदगा जिले के निवासी लालू लोहरा और सुजीत उरांव तथा लातेहार निवासी छोटू उरांव के रूप में हुई है।
छत्तीसगढ़ में 80 लाख के इनामी नक्सली हो चुके ढेर
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सोमवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 40-40 लाख रुपए के दो शीर्ष माओवादी मारे गए थे।
दोनों की पहचान राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी (63) और कोसा दादा उर्फ कादारी सत्यनारायण रेड्डी (67) के रूप में हुई थी, जो प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य थे।
इस ऑपरेशन की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तारीफ की और इसे सुरक्षा बलों की बड़ी जीत बताया था।
उत्तर प्रदेश के एक गांव से नक्सली गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने यहां एक गांव से एक नक्सली को गिरफ्तार किया है, जो हाल में झारखंड में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शामिल था।
उमेश खरवार को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर पांच लाख रुपए का इनाम था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि खरवार 14 सितंबर को पलामू में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शामिल नक्सलियों के समूह का हिस्सा था।


