दपरे: बेंगलूरु मंडल ने 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया
मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया
अपने संबोधन में दपरे महाप्रबंधक का संदेश पढ़ा
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के बेंगलूरु मंडल ने यहां रेलवे ग्राउंड में उत्साह के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया, जिसमें आरपीएफ, छात्र, स्काउट एवं गाइड और अन्य विभिन्न टुकड़ियां शामिल थीं। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
आशुतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में दपरे महाप्रबंधक का संदेश पढ़ा। उन्होंने दपरे के सुरक्षा रिकॉर्ड के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसने वर्ष 2025 में शून्य परिणामी रेल दुर्घटना का स्तर बरकरार रखा है। उन्होंने 16 रोड ओवर ब्रिजों, 27 रोड अंडर ब्रिजों, 10 फुट ओवर ब्रिजों, 2 सबवे और 3 हाई लेवल प्लेटफार्मों के निर्माण सहित प्रमुख बुनियादी ढांचे की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
दपरे ने जनवरी से जुलाई 2025 के आखिर तक 29.55 मिलियन टन माल लदान किया, जिससे 3,056 करोड़ रुपए का राजस्व पैदा हुआ। वर्ष 2025 के पहले सात महीनों में कुल मूल राजस्व 5,468 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। दपरे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 8 नई ट्रेनें शुरू कीं, 24 ट्रेनों का विस्तार किया, 232 विशेष ट्रेनें चलाईं और कुल 1,153 कोच बढ़ाए हैं।
इसके बाद 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में अतिरिक्त मंडल प्रबंधक परीक्षित मोहनपुरिया, प्रवीण कटारकी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्रेयांस चिंचवाड़े, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उमा शर्मा, एसडब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ- बेंगलूरु मंडल की अध्यक्ष रीना सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन, दपरे महिला कल्याण संगठन के प्रतिनिधि, ट्रेड यूनियनों और अन्य एसोसिएशनों के सदस्य मौजूद थे।


