डीके शिवकुमार ने 'प्रजासेवा अभियान' की शुरुआत की
'प्रजासेवा अभियान' एक इंटीग्रेटेड सिस्टम है
Photo: DKShivakumar.official FB Page
विजयनगर/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को इस जिले के कुडलिगी होबली से नागरिक संपर्क पहल 'प्रजासेवा अभियान' की शुरुआत की।
अधिकारियों ने बताया कि 'प्रजासेवा अभियान' एक इंटीग्रेटेड सिस्टम है, जिसका मकसद नागरिकों की शिकायतों को सीधे सुनना और उनका समाधान या तो मौके पर ही या फिर तय समय-सीमा के भीतर करना है।उन्होंने कहा कि यह अभियान 'प्रजासेवा विभाग' के गठन के बाद शुरू किया गया है, जिसका मकसद प्रशासन को लोगों के दरवाज़े तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'जनकल्याण के लिए आयोजित किए जा रहे ‘प्रजासेवा’ अभियान का शुभारंभ करने से पहले आज मैंने कूडलिगी स्थित महात्मा गांधी के स्मारक का दौरा किया।'
उन्होंने लिखा, 'सत्य और अहिंसा के अग्रदूत, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भक्तिपूर्वक शीश झुकाकर नमन करते हुए, मैंने बापू के आदर्शों के साथ जनहित के कार्यों की शुरुआत की है।'
बाद में, मुख्यमंत्री ने एक और पोस्ट में लिखा, 'समस्या आपकी, समाधान हमारा। विजयनगर जिले के कुडलिगी तालुक में आम जनता की शिकायतें और समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए। इसी के साथ नई ‘प्रजासेवा’ पहल का शुभारंभ किया।'
उन्होंने लिखा, 'आवेदनों के त्वरित निपटारे में मदद करने वाले आईजीपीआरएस सॉफ्टवेयर के कामकाज की भी समीक्षा की।'


