नए एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी एमक्यू9 ड्रोन को मार गिराया: ईरान
खोमीन शहर की घटना
Photo: @Khamenei_fa X account
खोमीन/दक्षिण भारत। ईरान ने दावा किया है कि उसने मध्य प्रांत मरकज़ी के खोमीन शहर के आसमान में एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खोमीन शहर के ऊपर नए एयर डिफेंस सिस्टम ने एक अमेरिकी एमक्यू9 ड्रोन को मार गिराया। ये घटनाक्रम मंगलवार शाम को ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका द्वारा नए हमले किए जाने के बाद सामने आए।एक सूत्र ने समाचार एजेंसी तस्नीम को बताया कि सशस्त्र बल ईरान के कुछ हिस्सों पर अमेरिकी हमलों के अपराधों का निश्चित रूप से जवाब देंगे, और यह जवाब उनके हमलों की तुलना में कई गुना अधिक होगा।
सूत्र ने ज़ोर देकर कहा, 'जैसा कि हमने पहले चेतावनी दी थी और वादा किया था, ईरानी सशस्त्र बल हमारे देश के इलाक़े और हितों के ख़िलाफ़ किसी भी हमले का निर्णायक और बड़े पैमाने पर जवाब देंगे।'
'इस क्षेत्र में अमेरिकी हितों और ठिकानों पर ईरान तेज़ी से हमले कर रहा है।'
सूत्र ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि हार की वजह से पैदा हुई बौखलाहट ने अमेरिकियों को उलझन और हैरानी में डाल दिया है, और हर नई मूर्खता के साथ वे खुद को एक और दोहरी शर्मिंदगी का शिकार बना रहे हैं। 'इस बार भी, अमेरिकियों को आसमान की ओर देखना चाहिए और अपनी शर्मिंदगी को देखना चाहिए।'
यह बयान मंगलवार शाम को ईरान के खिलाफ़ अमेरिका द्वारा नए हमले किए जाने के बाद आया।


