देश के लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटना बंद करें: मल्लिकार्जुन खरगे

कहा- हल्द्वानी की घटना सीधे तौर पर छुआछूत का मामला है

देश के लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटना बंद करें: मल्लिकार्जुन खरगे

Photo: IndianNationalCongress FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को कहा कि मैंने कल राज्यसभा के नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखकर याद दिलाया कि 25 दिन के बाद भी हल्द्वानी की शर्मनाक घटना पर सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके उलट कार्रवाई नेता विपक्ष राहुल गांधी पर कर दी गई, क्योंकि उन्होंने शुद्धीकरण की शर्मनाक घटना पर प्रेस वार्ता कर आवाज उठाई थी।

Dakshin Bharat at Google News
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह कार्रवाई बहुत अजीब है, क्योंकि राहुल गांधी लगातार समाज के हर वर्ग की आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन भाजपा यह सब करके हमारी पार्टी को डरा नहीं सकती। आज यह घटना सिर्फ मुझसे नहीं, बल्कि देश के दलित वर्ग से जुड़ी हुई है। भाजपा बातें तो बड़ी-बड़ी करती है, लेकिन वह पीड़ितों की आवाज उठाने वाले को ही दबाने की कोशिश करती है। मेरा भाजपा से सिर्फ यही कहना है: देश के लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटना बंद करें, यह देश के लिए ठीक नहीं है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 13 अगस्त को राज्यसभा में मैंने हल्द्वानी प्रकरण पर अपनी बात रखी थी। इस पर जेपी नड्डा ने कहा था- इसकी तहकीकात होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेयरमैन ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा था कि ऐसे विषयों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हल्द्वानी की घटना सीधे तौर पर छुआछूत का मामला है। हल्द्वानी में शुद्धीकरण करके दलितों को संदेश दिया गया कि हम श्रेष्ठ हैं और वे नीची जाति के हैं, इसलिए शुद्धीकरण किया गया। डॉ. अंबेडकर ने वर्षों पहले महाड़ आंदोलन किया था, क्योंकि तब दलितों को जातिगत भेदभाव के कारण पानी पीने और उसके इस्तेमाल से वंचित रखा जाता था। इसी को देखते हुए, अंबेडकर ने संविधान में आर्टिकल 17 शामिल किया, ताकि अस्पृश्यता को ख़त्म किया जा सके। भाजपा सरकार की आंखों के सामने हल्द्वानी में शुद्धीकरण की घटना हुई और उसमें कोई एक्शन नहीं लिया गया तो सोचिए देश के बाकी हिस्से में क्या होता होगा?

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पूरे देश ने हल्द्वानी में हुई शुद्धीकरण की तस्वीरें देखी हैं, लेकिन फिर भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि वहां कुछ भी नहीं हुआ है। वहीं, जब राहुल गांधी दलितों के हक की बात करते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी जाती है। राहुल गांधी को सिर्फ देश के लोगों की चिंता है। अगर इसके लिए कोई उन्हें सज़ा देना चाहता है तो हम इसके खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे। मैं देश के लोगों से अपील करता हूं कि आप राहुल गांधी और उनके उसूलों के साथ खड़े हों, क्योंकि भाजपा हर मुद्दे का राजनीतिक ध्रुवीकरण कर रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हल्द्वानी में हुए शुद्धीकरण के शर्मनाक मामले पर नरेंद्र मोदी और अमित शाह दोनों चुप बैठे हैं। चाहे राम मंदिर में 'चढ़ावा चोरी' की घटना हो या दलितों और महिलाओं पर अत्याचार का मामला हो- ये दोनों किसी भी बुरी घटना पर कभी कुछ नहीं बोलते हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक मनुवाद का प्रचार करती रहेगी, लेकिन हम गांधीजी, नेहरू, अंबेडकर की विचारधारा के लोग हैं, और हम उसी के साथ चलेंगे।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download