क्या कर्नाटक में पेट्रोल-डीज़ल पर टैक्स में कटौती करेगी सरकार? सिद्दरामय्या ने दिया यह जवाब

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

क्या कर्नाटक में पेट्रोल-डीज़ल पर टैक्स में कटौती करेगी सरकार? सिद्दरामय्या ने दिया यह जवाब

Photo: @siddaramaiah X account

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या ने गुरुवार को संकेत दिया कि राज्य सरकार पेट्रोल और डीज़ल पर टैक्स में कोई कटौती नहीं करेगी, जबकि उन्होंने कीमतों में बढ़ोतरी के लिए केंद्र की राजग सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने पूछा कि जब केंद्र सरकार कीमतें बढ़ाती है, तो क्या राज्य को टैक्स कम करके कीमतें नीचे लानी चाहिएं?

क्या राज्य सरकार पेट्रोल और डीज़ल पर सेस या टैक्स कम करेगी? इस सवाल के जवाब में सिद्दरामय्या ने कहा, 'वे (केंद्र) कीमतें बढ़ाते हैं, और हमें (राज्य सरकार को) कम करनी चाहिए? जब वे कीमतें बढ़ाते हैं, तो आप (मीडिया) कुछ नहीं कहते।'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'आप मुझसे पूछते हैं कि क्या राज्य सरकार पेट्रोल और डीज़ल पर सेस या टैक्स कम करेगी, लेकिन जब वे कीमतें बढ़ाते हैं, तो आप उनसे कोई सवाल नहीं करते।'

यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब डीज़ल की कीमत 48 रुपए प्रति लीटर, पेट्रोल की 70 रुपए प्रति लीटर और गैस की 414 रुपए प्रति सिलेंडर थी।

मुख्यमंत्री ने पूछा, 'अब वे कितने के हैं? कीमतें किसने बढ़ाईं?' जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि क्या राज्य सरकार लोगों को कोई राहत देगी, क्योंकि राज्य में टैक्स बहुत ज़्यादा हैं, तो वे यह कहते हुए वहां से चले गए, 'आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं? क्या आप यह कहना चाहते हैं कि वे टैक्स बढ़ाएं और हम कम करें?'

बता दें कि मंगलवार को पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। एक हफ़्ते से भी कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download