पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर आज हो रहा मतदान

285 बूथों पर 2.36 लाख से ज्यादा लोग वोट डालने के पात्र हैं

पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर आज हो रहा मतदान

Photo: @ECISVEEP X account

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान के लिए गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग शुरू हुई।

Dakshin Bharat at Google News
अधिकारियों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई। 285 बूथों पर 2.36 लाख से ज्यादा लोग वोट डालने के पात्र हैं। इनमें से 1.15 लाख महिलाएं और नौ लोग तीसरे लिंग (थर्ड जेंडर) से संबंधित हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि 29 अप्रैल को, जब विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में फाल्टा में मतदान हुआ था, तब 'गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने' के कारण दोबारा मतदान का आदेश दिया गया था।

कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें तृणकां के जहांगीर खान भी शामिल हैं, जिन्होंने मंगलवार को घोषणा की थी कि वे इस दौड़ से हट रहे हैं।

भले ही जहांगीर खान ने चुनाव से हटने की घोषणा कर दी, लेकिन उनका नाम ईवीएम पर बना रहा, क्योंकि वे आधिकारिक तौर पर अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ले पाए। अन्य उम्मीदवारों में भाजपा के देबांग्शु पांडा, सीपीआई (एम) के शंभूनाथ कुर्मी और कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुनर्मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कुल 35 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिसमें प्रत्येक बूथ पर आठ जवान, जो एक पूरे सेक्शन के बराबर हैं, तैनात रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर केवल चार कर्मी यानी एक सेक्शन का आधा हिस्सा, तैनात किया गया था। 

इसके अलावा किसी भी गड़बड़ी पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए 30 त्वरित प्रतिक्रिया दल तैयार स्थिति में हैं।

इस निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक तनाव तब से बढ़ा हुआ है, जब से कई मतदान केंद्रों से ये आरोप सामने आए हैं कि पिछली वोटिंग के दौरान ईवीएम पर परफ्यूम और चिपकने वाली टेप लगाई गई थीं।
 
चुनाव आयोग के पूर्व विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया और जांच-पड़ताल की, जिसके बाद कम से कम 60 बूथों में कथित छेड़छाड़ के सबूत मिले थे।

ईवीएम में कथित हेरफेर के अलावा, अधिकारियों ने कई मतदान केंद्रों पर लगाए गए वेब कैमरों द्वारा रिकॉर्ड की गई फुटेज के साथ छेड़छाड़ के प्रयासों का भी पता लगाया।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download