बिहार: सासाराम में ट्रेन के अंदर लगी आग, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलने लगा
Photo: PixaBay
पटना/दक्षिण भारत। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के एक खाली ट्रेन के एक कोच में आग लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलने लगा, जब वह सुबह करीब 5.30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी।उन्होंने कहा, 'रेलवे अधिकारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी और लगभग आधे घंटे में आग बुझा दी गई। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।'
राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की जांच के लिए उच्च-स्तरीय जांच समिति गठित
उधर, पश्चिम मध्य रेलवे ज़ोन ने तिरुवनंतपुरम सेंट्रल-हज़रत निज़ामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग की जांच के लिए एक उच्च प्रशासनिक ग्रेड-स्तरीय जांच समिति का गठन किया है।
एक अधिकारी के अनुसार, कोटा रेलवे डिवीज़न के तहत विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिछा स्टेशनों के बीच, ट्रेन के बी-1 पैसेंजर कोच में सुबह 5.15 बजे आग लग गई। यह घटना ट्रेन के मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना होने के डेढ़ घंटे बाद हुई। आग से कोच के पीछे मौजूद लगेज ब्रेक और जनरेटर कार को भी नुकसान पहुंचा।
रेलवे बोर्ड ने एक प्रेस नोट में कहा, 'इस समिति को पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने नामित किया है। इसमें पश्चिम मध्य रेलवे, चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री और अनुसंधान, अभिकल्प एवं मानक संगठन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।'


