अभी अमेरिका से बातचीत के अगले दौर में शामिल होने की कोई योजना नहीं है: ईरान
वॉशिंगटन के विरोधाभासी कदमों को बताया जिम्मेदार
Photo: @IRIMFA_EN X account
तेहरान/दक्षिण भारत। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि ईरान ने अभी तक इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ पाकिस्तान की मध्यस्थता में होने वाली बातचीत के नए दौर में शामिल होने के बारे में कोई फ़ैसला नहीं किया है। उन्होंने इसके लिए वॉशिंगटन के विरोधाभासी कदमों का हवाला दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बात करते हुए इस्माइल बाक़ाई ने कहा, 'अब तक हमने बातचीत के अगले दौर के संबंध में कोई फ़ैसला नहीं किया है।'अमेरिका की उन कार्रवाइयों की आलोचना करते हुए जो कूटनीति अपनाने के उसके दावों के विपरीत हैं, प्रवक्ता ने कहा कि युद्धविराम की शुरुआत से ही ईरान को वॉशिंगटन की ओर से 'बदनीयती और लगातार शिकायतों' का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने बताया कि अमेरिका ने शुरू में यह दावा किया था कि लेबनान युद्धविराम का हिस्सा नहीं है, जबकि पाकिस्तान ने इसके विपरीत स्पष्ट रूप से कहा था।
बाक़ाई ने कहा कि आपसी सहमति बन जाने के बाद भी, ईरान को 'होर्मुज़ जलडमरूमध्य में समुद्री गतिविधियों' का सामना करना पड़ा, जिसमें रविवार रात एक ईरानी व्यापारिक जहाज़ पर अमेरिका का हमला भी शामिल था; उन्होंने इस हमले को संघर्ष-विराम का उल्लंघन और 'आक्रामकता का कृत्य' बताया।
बातचीत को लेकर वॉशिंगटन के रवैए, आगे और हमलों की गुंजाइश पर बात करते हुए, प्रवक्ता ने कहा कि ईरान पिछले साल के 'बहुत भारी अनुभव' को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने 'दो बार कूटनीति के साथ विश्वासघात किया है' और ईरान की संप्रभुता और संपत्तियों पर हमले किए हैं।
बाक़ाई ने कहा, 'ईरान के सभी घटक किसी भी प्रक्रिया पर पूरी सतर्कता से नज़र रख रहे हैं', और साथ ही यह भी कहा कि कूटनीतिक स्तर पर भी देश को दुश्मन की साज़िशों से सावधान रहना चाहिए।


