ऑनलाइन दुनिया के गिद्ध

कहीं धर्मांतरण का धंधा चल रहा है

ऑनलाइन दुनिया के गिद्ध

कहीं अपनी पहचान छुपाकर महिलाओं को धोखा दिया जा रहा है

टीसीएस और अमरावती कांड के बाद सोशल मीडिया पर ऐसे मामलों की बाढ़-सी आ गई है, जिनके बारे में पढ़-सुनकर दु:ख और आश्चर्य, दोनों होते हैं। कहीं धर्मांतरण का धंधा चल रहा है, तो कहीं अपनी पहचान छुपाकर महिलाओं को धोखा दिया जा रहा है। इंटरनेट ने ऐसे फरेबी और पाखंडी तत्त्वों को भी सुनहरा मौका उपलब्ध करा दिया है। वे एआई की मदद से फर्जी तस्वीर बनाते हैं और सोशल मीडिया पर झूठा प्रोफाइल तैयार कर युवतियों को दोस्ती और शादी का झांसा देते हैं। ऐसे लोग ऑनलाइन शिकार की तलाश में रहते हैं। उन्हें कभी निराश नहीं होना पड़ता है। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर 500 महिलाओं को अपने जाल में फंसाया था। यही नहीं, उनसे 2 करोड़ रुपए भी ठगे थे! यह शख्स डेटिंग और शादी संबंधी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने वाली महिलाओं पर नजर रखता था। कभी खुद को डॉक्टर बताता, कभी फिल्म निर्माता, वकील, तो कभी कारोबारी के तौर पर खुद का परिचय देता था। वह खुद को ऐसे पेश करता, जैसे कोई बहुत बड़ा अमीर आदमी हो। वह एक ही समय में कई महिलाओं से ऑनलाइन बातें करता था। वह धीरे-धीरे रिश्ते को मधुर बनाता और एक दिन मोटी रकम उधार मांगता था। इस तरह उसने खूब ठगी की। आश्चर्यजनक रूप से, किसी महिला ने रुपए देते समय उसके माता-पिता, खानदान आदि के बारे में जांच-पड़ताल नहीं की। जो रिश्ते सिर्फ धन और शारीरिक आकर्षण से शुरू होते हैं, उनका यही अंजाम होता है। बेटियों को समझाएं कि ऑनलाइन दुनिया में ऐसे कई गिद्ध मंडरा रहे हैं, जिनकी नजर सिर्फ तन और धन पर है।

Dakshin Bharat at Google News
उन्हें यह भी बताएं कि असल दुनिया में इतने छल-कपट हो रहे हैं तो आभासी दुनिया, जिसमें झूठ बोलना बहुत आसान है, में इनकी कोई सीमा ही नहीं है। ऐसे मामले इसलिए भी ज्यादा बढ़ रहे हैं, क्योंकि जीवनसाथी ढूंढ़ने में अच्छे चरित्र पर ज्यादा जोर नहीं दिया जा रहा है। हाल में मुंबई में एक महिला के पास ऐसे व्यक्ति का प्रस्ताव आया, जिसने अपनी आकर्षक प्रोफाइल फोटो लगाकर दावा किया था कि वह लंदन रहता है और खुद का कारोबार करता है। महिला ने उसकी कोई जांच-पड़ताल नहीं की। भारत में आज भी कई लोग इस बात से बहुत प्रभावित हो जाते हैं कि कोई व्यक्ति विदेश में रह रहा है। उन्हें लगता है कि उससे जान-पहचान या रिश्तेदारी हो गई तो हमारे लिए विदेश जाने के रास्ते खुल जाएंगे। महिला ने उस व्यक्ति के दावों पर विश्वास कर लिया। एक दिन वह उसे 7 लाख रुपए का चूना लगाकर गायब हो गया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक मामले ने तो सबको हिलाकर रख दिया था। सोशल मीडिया पर खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाले एक युवक ने दहेज में लाखों रुपए ले लिए। लड़की के परिवार ने यह सोचकर कि कोई कमी न रह जाए, शादी से संबंधित कार्यक्रमों पर खूब खर्चा किया। बाद में पता चला कि दूल्हा कोई आईएएस अधिकारी नहीं, बल्कि बहुत बड़ा ठग है। वह युवती को बेचने के लिए ले जाना चाहता था। उसने पहले भी कई युवतियों को इसी तरह धोखा दिया था। वह किराए पर मकान लेकर शिकार ढूंढ़ता और काम हो जाने के बाद गायब हो जाता था। सोचिए, उस युवती का परिवार समय रहते यह भी पता नहीं लगा पाया कि युवक का घर कहां है, माता-पिता कौन हैं, खानदान कैसा है, उनके बारे में अन्य लोगों की क्या राय है? एआई के दौर में ऐसे ठगों से पाला न पड़ जाए, इसके लिए विश्वसनीय लोगों की ही बात मानें। पूरी जांच-पड़ताल के बाद रिश्ता करें। सिर्फ धन और शारीरिक सुंदरता के मोह में फंस गए तो भविष्य में पछताना पड़ सकता है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download