प्रधानमंत्री ने रोजगार मेले में युवाओं को 51,000 नियुक्ति पत्र बांटे

कहा- 'सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है'

प्रधानमंत्री ने रोजगार मेले में युवाओं को 51,000 नियुक्ति पत्र बांटे

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के तहत वर्चुअली नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज देशभर के हजारों युवाओं के लिए बहुत ही महत्त्वपूर्ण दिन है। आज 51,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला है। 

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने कहा कि आज आप सभी देश की विकास यात्रा में अहम भागीदार बन रहे हैं, जिम्मेवार भागीदार बन रहे हैं। रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन और दूसरे कई क्षेत्रों में आप सभी नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में आप सभी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। इस उपलब्धि के लिए मैं आपको भी और आपके परिवारजनों को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी दो दिन पहले मैं पांच देशों की यात्रा करके लौटा हूं। कहने को तो यह सिर्फ पांच देशों की यात्रा थी, लेकिन इस दौरान मेरी दर्जनों देशों की बड़ी-बड़ी कंपनियों के लीडर्स से बातें हुईं, विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान हर जगह मैंने एक बात समान रूप से महसूस की है। दुनिया भारत के युवाओं और भारत की टेक्नोलॉजिकल प्रोग्रेस को लेकर बहुत उत्साहित है। आज दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत भी दुनिया के अलग अलग देशों के साथ पार्टनरशिप कर रहा है। इसका उद्देश्य यही है कि भारत के युवाओं को अवसर मिले, रोजगार मिले, उनकी सामर्थ्य खिल उठे। साथ ही साथ, मैं चाहता हूं कि देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्सपोजर भी मिले।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन हाइड्रोजन और टिकाऊ विनिर्माण से जुड़े सेक्टर्स भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इनसे जुड़ी साझेदारी एक नई अर्थव्यवस्था के, नए अवसरों के दरवाजे खोल रही है।

उन्होंने कहा कि स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ ग्रीन ट्रांजिशन और टिकाऊ प्रौद्योगिकी में भी सहयोग बढ़ रहा है। यह भारत को स्वच्छ विनिर्माण से जुड़े भविष्य के उद्योग में मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूएई और नॉर्वे के साथ पार्टनरशिप से भारत का जहाज़ निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत होगा। यानी, भारत के इंजीनियर्स, टेक्निशियन्स और स्किल्ड वर्कर्स के लिए इतनी मांग बढ़ने वाली है, जिसकी आप कल्पना नहीं कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर भारतीय एक बड़े संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। यह संकल्प, सन् 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आज देश अलग-अलग सेक्टर्स में निवेश कर रहा है, और इस निवेश से देश के युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक निर्माता है। आज गांवों में भी बदलाव तेजी से दिखाई दे रहा है। कनेक्टिविटी बढ़ने से किसानों, छोटे व्यापारियों, विद्यार्थियों के लिए नए रास्ते खुले हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन अब देश की अर्थव्यवस्था का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। इस बदलाव में हमारी नारी शक्ति की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। आज बड़ी संख्या में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप हैं। मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का युवा दुनिया के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। यही स्पिरिट, यही ऊर्जा ... पब्लिक सर्विस में भी दिखाई देनी चाहिए। विकसित भारत ऐसे ही युवाओं के प्रयास से बनेगा, जो अपने काम को देशसेवा और जनसेवा का माध्यम मानते हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download