1,000 रु. की सहायता: तमिलनाडु में महिला लाभार्थियों को जल्द मिलेगी मई की किस्त
मुख्यमंत्री विजय ने कहा...
लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी राशि
चेन्नई/दक्षिण भारत। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने घोषणा की है कि 'कलाईनार मगलीर उरिमाई थोगई' योजना के तहत आने वाली महिला लाभार्थियों को मई की 1,000 रुपए की किस्त जल्द ही मिलेगी।
सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में विजय के हवाले से कहा गया है कि यह राशि, जो पिछली द्रमुक सरकार द्वारा लागू की गई एक योजना का हिस्सा है और जिसका नाम पार्टी के दिवंगत दिग्गज नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखा गया है, लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।इसमें कहा गया है कि सरकार को 'कलाईनार मगलीर उरिमाई थोगई' योजना को फिर से व्यवस्थित करने के लिए समय चाहिए, जिसके तहत महिलाओं को 1,000 रुपए दिए जाते हैं। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने निर्देश दिया है कि इस योजना के तहत मई महीने की 1,000 रुपए की किस्त जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा कर दी जाएगी।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने द्रमुक-काल की योजनाओं में दखल देने के लिए टीवीके सरकार की आलोचना की।
एक्स पर मुख्यमंत्री विजय को संबोधित करते हुए एक पोस्ट में, स्टालिन ने कहा कि इस योजना के तहत राशि का हस्तांतरण 15 तारीख तक कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से देरी तथा प्रस्तावित पुनर्गठन के बारे में सवाल किया।
द्रमुक अध्यक्ष ने चुनाव से पहले इस योजना के तहत 5,000 रु. की नकद राशि देने की घोषणा की थी, जिसमें फरवरी, मार्च और अप्रैल महीनों के लिए 3,000 रु. की अग्रिम राशि, और साथ ही गर्मियों के लिए 2,000 रु. का विशेष आवंटन शामिल था।


