सुवेंदु के सहयोगी की हत्या से बंगाल में उबाल, भाजपा ने तृणकां पर लगाया गंभीर आरोप

बंगाल के राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया

सुवेंदु के सहयोगी की हत्या से बंगाल में उबाल, भाजपा ने तृणकां पर लगाया गंभीर आरोप

Photo: AITCofficial FB Page और BJP4India X account

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद का तनाव बुधवार रात उस समय हिंसक हो गया, जब उत्तरी 24 परगना में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा ने इसे लक्षित हत्या करार दिया है, जिससे भारी आक्रोश, विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक हिंसा के नए आरोप सामने आए हैं।

Dakshin Bharat at Google News
विधानसभा चुनाव के कड़े मुकाबले वाले नतीजों की घोषणा के 48 घंटे से भी कम समय में हुई इस हत्या से बंगाल के राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया। भाजपा ने तृणकां पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया, तो वहीं तृणकां ने भी पलटवार करते हुए कई जिलों में अपने कार्यकर्ताओं पर हमले होने के आरोप लगाए।
 
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ को रोका। उन्होंने गाड़ी का पीछा किया, उसे ज़बर्दस्ती रुकवाया और फिर गोलीबारी कर वहां से फरार हो गए।

बंगाल में हमारे कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहे हैं: दिलीप घोष

खड़गपुर से नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या की निंदा की और आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में पार्टी की चुनावी जीत के बावजूद कार्यकर्ताओं को अत्याचारों का सामना करना पड़ रहा है।

दिलीप घोष ने कहा कि हिंसा की घटनाओं को तत्काल रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'भाजपा सत्ता में आ गई है, लेकिन सत्ता अभी तक हमारे हाथों में नहीं आई है। सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक पर हमला किया गया। हिंसा की इन घटनाओं को रोका जाना चाहिए।'

बम हमले में भाजपा के 5 कार्यकर्ता घायल

पुलिस ने को बताया कि पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले के पानीहाटी में कथित तौर पर एक बम धमाके में भाजपा के पांच समर्थक घायल हो गए हैं। यह घटना बुधवार देर रात हुई। इससे पहले सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

पानीहाटी में सेंट ज़ेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास बम धमाका हुआ। पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर देसी बम फेंके, जिससे कम से कम पांच लोग घायल हो गए। घायलों को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download