वीडी सतीशन होंगे केरल के अगले मुख्यमंत्री
केरल कांग्रेस में जश्न का माहौल
Photo: VDSatheeshanParavur FB Page
तिरुवनंतपुरम/दक्षिण भारत। वीडी सतीशन केरल के अगले मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस आलाकमान ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। इससे गुरुवार को केरल कांग्रेस में जश्न का माहौल छा गया।
जब नई दिल्ली में एआईसीसी नेताओं ने यह घोषणा की, तब सतीशन तिरुवनंतपुरम स्थित कैंटोनमेंट हाउस में थे, जो नेता प्रतिपक्ष का आधिकारिक आवास है।घोषणा के तुरंत बाद, उत्साहित सतीशन समर्थकों ने राज्य के कई हिस्सों में पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं।
वीडी सतीशन एर्नाकुलम ज़िले के परावूर विधानसभा क्षेत्र का साल 2001 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहां इस समय खूब जश्न मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पद के लिए सतीशन का नाम सबसे आगे माना जा रहा था। चयन प्रक्रिया के दौरान यूडीएफ के सहयोगी भी उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे थे।
निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर, उन्होंने सदन के भीतर और बाहर, दोनों जगह यूडीएफ का नेतृत्व किया।
सतीशन के अलावा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला और कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के नाम पर भी इस पद के लिए विचार किया गया था।


