पाकिस्तान: इस्लामाबाद की मस्जिद में बड़ा धमाका, 31 लोगों की मौत

यह एक आत्मघाती हमला था

पाकिस्तान: इस्लामाबाद की मस्जिद में बड़ा धमाका, 31 लोगों की मौत

Photo: ISPR

इस्लामाबाद/दक्षिण भारत। पड़ोसी देश पाकिस्तान एक बार फिर धमाके से दहल उठा। उसकी राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में एक मस्जिद में हुए धमाके में कम से कम 31 लोग मारे गए। वहीं, 169 घायल हो गए।

Dakshin Bharat at Google News
इस्लामाबाद प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। एक प्रवक्ता ने बताया कि धमाके में 169 लोग घायल हुए हैं। उन्हें शहर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बम धमाके से इलाके में सनसनी फैल गई। 

मीडिया​ रिपोर्टों के अनुसार, यह एक आत्मघाती हमला था। अस्पतालों में लाए गए 15 लोगों की पहले ही मौत हो गई थी। जहां धमाका हुआ, वहां सुरक्षा बलों के जवानों का तैनात किया गया है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय निवासियों को घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाते हुए देखा गया। धमाके के बाद पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ में आपातकाल घोषित कर दिया गया।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस घटना पर शोक जताया है। उनके कार्यालय द्वारा जारी किए गए एक बयान के अनुसार, 'प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज़ शरीफ़ ने इस्लामाबाद के तरलाई क्षेत्र में स्थित इमामबाड़ा में हुए धमाके की कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रधानमंत्री ने धमाके में हुईं शहादतों पर गहरे दु:ख और अफसोस का इज़हार किया और शोकाकुल परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त की।'

बयान में कहा गया, 'प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज़ शरीफ़ ने गृह मंत्री मोहसिन नक़वी से मुलाकात की और घटना की पूरी जांच कर ज़िम्मेदारों की तुरंत पहचान करने के निर्देश दिए। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं प्रदान की जाएं और स्वास्थ्य मंत्री स्वयं इसकी निगरानी करें। देश में शरारत और अशांति फैलाने की किसी को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।'

यह धमाका पाकिस्तानी फौज और बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी के बीच हुई हाल की घातक झड़प के कुछ दिन बाद हुआ है। यह इस्लामाबाद में दूसरा धमाका है। पिछले साल नवंबर में इस्लामाबाद में एक आत्मघाती धमाका हुआ था, जिसमें दर्जनभर लोगों की मौत हो गई थी।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download