कांग्रेस ने असम को तकलीफ में रखा, विकास से वंचित रखा: प्रधानमंत्री

मोदी ने असम के होजाई में जनसभा को संबोधित किया

कांग्रेस ने असम को तकलीफ में रखा, विकास से वंचित रखा: प्रधानमंत्री

Photo: @BJP4India X account

होजाई/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को असम के होजाई में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस यहां सत्ता में थी, उसने सिर्फ अपना स्वार्थ देखा। असम में रोड, रेल जैसी सुविधाएं तो बेहाल थीं।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में असम बिजली के लिए देश के दूसरे राज्यों पर निर्भर था। असम में आए दिन बिजली संकट रहता था। असम की बिजली कंपनियां घाटे में थीं। आप इंटरनेट पर पुरानी खबरें खोजेंगे तो यही सब मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा-राजग के लिए असम के हर जिले, हर क्षेत्र का विकास हमारे लिए प्राथमिकता है। इसलिए 10 वर्ष पहले होजाई को अलग जिला बनाया गया, लेकिन कांग्रेस ने असम को तकलीफ में रखा, परेशानी में रखा और विकास से वंचित रखा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार असम के तेज विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। हमने स्थिति को बदल दिया है। आज असम बिजली के मामले में देश के अन्य राज्यों के लिए मॉडल बनता जा रहा है। बीते 10—11 वर्षों में असम के उन लाखों परिवारों तक भी बिजली पहुंची है, जो वर्षों से बिजली कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में असम में बिजली उत्पादन में भी बहुत की प्रशंसनीय काम किया है। कुद दिन पहले ही मुझे पश्चिम कार्बी आंगलोंग और दिमा हसाओ जिलों में स्थित लोअर कोपिली जलविद्युत परियोजना का लोकार्पण करने का अवसर मिला था। इससे हर साल 45 करोड़ यूनिट अधिक बिजली असम को मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवादी राजनीति के अलावा इनके पास कोई ताकत नहीं है। इसलिए ये दो बातों पर फोकस करते हैं- झूठ बोलना और करप्शन करना। दिल्ली में इनका जो शाही परिवार है, वो सबसे भ्रष्ट परिवार है। उस पर हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के केस चल रहे हैं। परिवार जमानत पर निकला हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ भाजपा की डबल इंजन सरकार असम के हर परिवार का जीवन बेहतर बनाने में जुटी है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस सिर्फ दो परिवारों का भविष्य बनाने में जुटी है। एक परिवार है, दिल्ली में रहने वाला शाही परिवार और दूसरा यहां असम में एक परिवार है। इनका नारा है- फैमिली फर्स्ट। ऐसे लोग कभी देश का और असम का भला नहीं कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर नौकरी करने वाला जानता है कि सैलरी ऊपर की तरफ बढ़ती है, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने तो नया करिश्मा कर दिखाया है। कांग्रेस ने वहां सरकारी कर्मचारियों की सैलरी ही घटा दी। हिमाचल की बहनों से इन्होंने इतना झूठ बोला कि आज तक वे इन्हें ढूंढ़ रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में इतने संकट के बावजूद पेट्रोल डीजल की कीमतें नहीं बढ़ने दी हैं, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल डीजल महंगा कर दिया। भाजपा-राजग सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि वैश्विक संकट का बोझ गरीब पर, मिडिल क्लास पर हमारे किसानों पर न पड़े। यही पहले भी हमारी प्राथमिकता रही है, और आज भी है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download