घुसपैठियों को चुन-चुन कर देश से बाहर करेंगे: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने असम के श्रीभूमि में जनसभा को संबोधित किया

घुसपैठियों को चुन-चुन कर देश से बाहर करेंगे: अमित शाह

Photo: @BJP4India X account

श्रीभूमि/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को असम के श्रीभूमि में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस जनता में अटूट इच्छाशक्ति और पहाड़ जैसा बुलंद हौसला हो, उसको कोई हरा नहीं सकता। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। आप सभी लोग भाजपा के हमारे उम्मीदवार को जिताने के लिए एकत्र हुए हैं, लेकिन वोट केवल विधायक बनाने या हिमंत बिस्वा सरमा को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए मत देना। आपको वोट इस पूरी बराक घाटी को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए देना है।

Dakshin Bharat at Google News
अमित शाह ने कहा कि इस बार भाजपा की सरकार बना दीजिए। हमने घुसपैठियों को चिह्नित करके रखा है। अब बारी है, एक-एक को चुन-चुनकर देश से बाहर करने की। मैं यहां से कहकर जाता हूं, राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो, आपकी तीन पुश्तें भी आएंगी, असम को हम घुसपैठियों से मुक्त करके रहेंगे।

अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव में एक ओर भाजपा है, जो करीमगंज का नाम बदलकर श्रीभूमि करती है। दूसरी ओर कांग्रेस है, जो घुसपैठियों के सहारे सत्ता हासिल करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी इस पूरे क्षेत्र को घुसपैठिया बहुल बना चुकी है और अब पूरे असम को भी ऐसा ही बनाना चाहती है।

अमित शाह ने कहा कि इस क्षेत्र में भाजपा को बहुत समय से समर्थन मिला है। पहले 10 में से 9 सीटें दी थीं, लेकिन इस बार रिकॉर्ड तोड़ना है और सभी सीटें भाजपा की झोली में डालनी हैं। श्रीभूमि की चारों सीटें भाजपा को देनी हैं और पूरी दुनिया को बताना है कि इस भूमि का नाम करीमगंज नहीं, श्रीभूमि है।

अमित शाह ने कहा कि हम सीएए की बात करते हैं, तो कांग्रेस विरोध करती है। कांग्रेस पार्टी ने षड्यंत्र के साथ इस क्षेत्र को घुसपैठिया बहुल क्षेत्र बनाने का प्रयास किया। वोटबैंक की गंदी राजनीति कर उन्होंने साल 1950 के इमिग्रेंट एक्ट को समाप्त कर दिया। गोपीनाथजी असम को बचाने के लिए यह एक्ट लेकर आए थे। कांग्रेस ने साल 1983 में आईएमडीटी एक्ट पास कर घुसपैठियों को यहां शरण देने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि असम, बंगाल और त्रिपुरा तीनों जगह भाजपा-राजग सरकार बनने के साथ ही न केवल घुसपैठ बंद होगी, बल्कि हम चुन-चुन कर घुसपैठियों को देश से बाहर करेंगे। ये घुसपैठिये हमारे युवाओं के रोजगार, गरीबों के राशन और चाय बागान के मजदूरों की मजदूरी छीनने का प्रयास कर रहे हैं। इन्हें देश के बाहर निकालने का काम भाजपा सरकार करेगी।

अमित शाह ने कहा कि जब से राहुल गांधी कांग्रेस के नेता बने हैं, सभी कांग्रेसियों का सार्वजनिक स्तर नीचे हो गया है। अभी दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात और जो प्रांत भाजपा का समर्थन करते हैं, वे अनपढ़ हैं। कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए, जिस गुजरात ने स्वामी दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, सरदार पटेल, विक्रम साराभाई और मोदी जैसे नेता दिए, उस गुजरात को आप अनपढ़ कह रहे हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download