ममता बनर्जी सिर्फ बांग्लादेशियों को बसाने की चिंता करती हैं: नितिन नवीन

प. बंगाल के मालदा टाउन में स्पोर्ट्स क्लब की बैठक में बोले भाजपा अध्यक्ष

ममता बनर्जी सिर्फ बांग्लादेशियों को बसाने की चिंता करती हैं: नितिन नवीन

Photo: @BJP4India X account

मालदा टाउन/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन में स्पोर्ट्स क्लब की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अपने खेल के लिए प्रसिद्ध है। खेल के क्षेत्र में यहां के खिलाड़ियों ने पूरे देश में अपना एक अलग स्थान बनाया है। पश्चिम बंगाल का जो इतिहास रहा है, उसे इन क्लब हाउसों ने बहुत ही अलग रूप से स्थापित किया है।

Dakshin Bharat at Google News
नितिन नवीन ने कहा कि जिसके बारे में पूरे देश में चर्चा होती है, आज का वो क्लब हाउस किस स्वरूप में है और किस काम के लिए जाना जा रहा है, वह हम सबको मालूम है। जो क्लब हाउस कभी खिलाड़ियों के लिए, खेल को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए जाना जाता था, आज वह अड्डा बन गया है, वसूली का एक केंद्र बन गया है।

नितिन नवीन ने कहा कि क्या पिछले 20-25 वर्षों में इन क्लबों का वही इतिहास रहा गया है, क्या वही सम्मान है? और नहीं है, तो कौन इसका दोषी है? किसने पश्चिम बंगाल की युवा पीढ़ी को एक नया और अच्छा भविष्य बनाने से रोका है?

नितिन नवीन ने कहा कि एक समय इसी पश्चिम बंगाल से फुटबॉल के खिलाड़ियों की अलग ही भावना देखने को मिलती थी। चाहे मोहन बगान हो, या अन्य क्लब, पूरे देश में यहां के इन क्लब हाउसों की चर्चा होती थी।

नितिन नवीन ने कहा कि जब देश के अन्य राज्यों में प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया की आवाज दी, सरकार की योजनाओं से उसे जोड़ा, हर पंचायत में खेलों और खिलाड़ियों का माहौल बनाने की कोशिश की; इस कालखंड में जब पूरे देश के अलग-अलग राज्यों में खेल के प्रति रुझान बढ़ा, तो वहीं पश्चिम बंगाल खेलों में पीछे होता चला गया।

यहां लोग कहने लगे कि खेला होगा! मैं पूछना चाहता हूं कि जो खेल का क्षेत्र था, वहां खेला होने का स्वभाव किसने उत्पन्न किया है? और जिसने उत्पन्न किया है, वो खेल के प्रति कितना नकारात्मक है कि खेल का मैदान उनके लिए राजनीति का मैदान बन गया है? अब समय आ गया है कि ऐसे लोगों को निश्चित रूप से सजा मिलनी चाहिए।

नितिन नवीन ने कहा कि साल 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स कराने वाला है, और साल 2036 में ओलंपिक खेलों की तैयारी हम कर रहे हैं। अभी 10 साल हैं, आप इन 10 सालों में भाजपा-राजग के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाइए। कॉमनवेल्थ खेल जब होंगे, तो पश्चिम बंगाल का युवा कहीं न कहीं एक पदक लेता दिखेगा।

नितिन नवीन ने कहा कि यह इन लोगों से संभव नहीं है। इनको खेल से मतलब ही नहीं है, खिलाड़ियों के प्रति जो भावना होनी चाहिए, उससे मतलब ही नहीं है। हम जब फिट इंडिया बोलते हैं, तो इनको हिट लगता है। ममता दीदी कभी भी फिट इंडिया की बात नहीं करतीं। उनको तो इस राज्य और इस देश की जनता को हिट करना है।

नितिन नवीन ने कहा कि उनको तो बांग्लादेशी फिट नजर आते हैं। वे सिर्फ उनको बसाने की चिंता करती हैं। पश्चिम बंगाल के युवाओं के प्रति उनकी कोई भावना नहीं है। बंगाल की जनता चाहती है कि इस बार बदलाव आए। इस अराजकता और महाजंगलराज से मुक्ति मिले। बंगाल को इन सबसे मुक्ति दिलाने में आपको भी सहयोग करना पड़ेगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download