तृणकां सांसद कल्याण बनर्जी का दावा- 'भाजपा समर्थकों ने मुझ पर हमला किया'
सिर पर चोट लगने की बात कही
Photo: KalyanBanerjeeAITC FB Page
कोलकाता/दक्षिण भारत। तृणकां सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले में एक पुलिस थाने के सामने भीड़ द्वारा घेर लिए जाने के बाद उनके सिर में चोटें आईं। वे विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ़्तारी के विरोध में ज्ञापन सौंपने के लिए वहां गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर हुए हमले के लिए भाजपा समर्थक ज़िम्मेदार थे।यह घटना पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर शहर के दौरे के बाद हुई, जहां वे चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने गए थे। इस दौरान कथित तौर पर स्थानीय लोगों ने उनके साथ हाथापाई की थी।
चंडीताला पुलिस स्टेशन के बाहर तनाव का माहौल बन गया, जब लोगों के एक समूह ने हुगली ज़िले के श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी को काले झंडे दिखाए और उन पर तथा तृणकां के अन्य प्रतिनिधियों पर 'चोर' होने का आरोप लगाते हुए नारे लगाए।
कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके सिर पर चोट लगी और उन्हें चोट आई। उन्हें अपने सिर के पिछले हिस्से पर कपड़ा रखे हुए देखा गया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'यह सब पुलिस के सामने हुआ। मेरे सिर पर चोट लगी है और खून बह रहा है।' उन्होंने इस घटना के लिए भाजपा समर्थकों को ज़िम्मेदार ठहराया। सांसद ने पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए धरना दिया। उन्होंने यह भी ज़ोर देकर कहा कि तृणकां 'भाजपा-प्रायोजित हमलों' के ख़िलाफ़ अपना विरोध जारी रखेगी।
स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए इलाके में पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया। भाजपा ने आरोपों से इन्कार किया और दावा किया कि पूरे राज्य में स्थानीय लोग तृणकां नेताओं के खिलाफ अपना गुस्सा ज़ाहिर कर रहे थे।


