फाल्टा: अपना नाम वापस लेंगे तृणकां उम्मीदवार जहांगीर खान

कहा- 'मैं फाल्टा का बेटा हूं, चाहता हूं कि यह इलाका शांत रहे और तरक्की करे'

फाल्टा: अपना नाम वापस लेंगे तृणकां उम्मीदवार जहांगीर खान

Photo: JahangirKhanTMC FB Page

फाल्टा/दक्षिण भारत। तृणकां के फाल्टा से उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को घोषणा की कि वे विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को होने वाले चुनाव से अपना नाम वापस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए एक विशेष पैकेज देने के वादे ने उन्हें यह फैसला लेने के लिए प्रेरित किया।

Dakshin Bharat at Google News
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जहांगीर खान ने कहा कि उन्होंने फाल्टा के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया। उन्होंने कहा, 'मैं फाल्टा का बेटा हूं। मैं चाहता हूं कि यह इलाका शांत रहे और तरक्की करे।'

उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री ने फाल्टा के विकास के लिए एक विशेष पैकेज की घोषणा की है, इसीलिए मैंने इस निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान की प्रक्रिया से हटने का फैसला किया है।'

तृणकां के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को जहांगीर खान के इस फैसले के बारे में जानकारी मिल गई है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने यह कदम किस वजह से उठाया।

उन्होंने कहा, 'हमने सुना है कि जहांगीर खान ने फाल्टा में दोबारा होने वाले चुनाव में न तो चुनाव लड़ने और न ही हिस्सा लेने का फैसला किया है। उनके पीछे हटने की वजह हमें अभी भी पता नहीं है।'

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जहांगीर खान दोबारा चुनाव से 'भाग गए', क्योंकि उन्हें कोई पोलिंग एजेंट नहीं मिलता।
 
मुख्यमंत्री ने दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में अपने चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से कहा, 'उनके पास कोई और रास्ता नहीं था, क्योंकि उन्हें कोई पोलिंग एजेंट नहीं मिल रहा था, इसलिए उन्होंने भाग जाने का फैसला किया।'

बता दें कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान का आदेश दिया गया था। यहां पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में, 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। यह आदेश बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली के आरोपों के बाद दिया गया।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download