बीएसएफ और असम पुलिस ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया: हिमंत बिस्वा सरमा
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बलों की चौकसी जारी है
Photo: himantabiswasarma FB Page
गुवाहाटी/दक्षिण भारत। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम कर दी गई है और बीएसएफ तथा राज्य पुलिस के जवानों ने 14 लोगों को भारत में प्रवेश करने से रोक दिया।
सरमा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बलों की चौकसी जारी है और घुसपैठ के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।मुख्यमंत्री एक्स पर एक पोस्ट में बताया, 'असम पुलिस और बीएसएफ के बहादुर जवानों ने 14 अवैध घुसपैठियों के एक समूह की पहचान की और उन्हें भारत में प्रवेश करने से रोका।'
सरमा ने कहा, 'हमारे बल सीमा पर पूरी तरह सतर्क हैं और घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर रहे हैं।'
हालांकि, उन्होंने उस सीमावर्ती ज़िले का ज़िक्र नहीं किया, जहां घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया गया।
सरमा ने गुरुवार को कहा था कि उनकी सरकार अवैध प्रवासन और ज़बरन जनसांख्यिकीय बदलाव के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति बनाए रखना जारी रखेगी।
असम, बांग्लादेश के साथ 263 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, जो धुबरी, दक्षिण सालमारा-मानकाचर, श्रीभूमि और कछार जिलों तक फैली हुई है।


