तृणकां घुसपैठियों के लिए, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है: प्रधानमंत्री
मोदी ने प. बंगाल के झारग्राम में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
झारग्राम/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के झारग्राम में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल का यह चुनाव इस धरती की समृद्ध विरासत को बचाने के लिए है, बंगाल की पहचान बचाने के लिए है। आज बंगाल पर उसकी पहचान खोने का खतरा मंडरा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां तृणकां जिस रास्ते पर चल रही है, उसका एजेंडा बहुत खतरनाक है। तृणकां घुसपैठियों के लिए, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है। एक ऐसी सरकार जो सिर्फ घुसपैठियों का मजहब, घुसपैठियों की भाषा और घुसपैठियों के तौर-तरीकों की रक्षा करेगी। उस घुसपैठिया सरकार के लिए अगर कोई दुश्मन होगा तो यहां बैठे हुए भाई-बहन ही घुसपैठियों के दुश्मन होंगे। इसलिए बंगाल का हर समाज, हर वर्ग, हर क्षेत्र इस बार ठान चुका है, संकल्प ले चुका है।प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां की निर्मम सरकार को आपने 15 साल दिए। 15 साल कम समय नहीं होता है। 15 साल में तृणकां सरकार ने आपको क्या दिया, आदिवासी क्षेत्रों को क्या मिला? न पढ़ाई, न कमाई, न दवाई और न ही सिंचाई ... यहां सबकुछ बेहाल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे लोग बताते हैं, यहां अगर एक बार बिजली चली जाए तो कई-कई दिन बाद आती है। कई बार आती ही नहीं। बिजली तो नहीं आती, लेकिन बिजली का भारी-भरकम बिल जरूर आता है। यहां आप अंधेरे में हैं और तृणकां के नेताओं के बंगले-गाड़ियां चकाचक चमक रहे हैं। इसलिए मोदी ने संकल्प लिया है, यहां के कोयले को लूटने वालों को, आपको अंधेरे में रखने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। चुन-चुन कर इन लुटेरों का हिसाब किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में आपने पीएम बनाया है, अब यहां भी भाजपा का सीएम बनाइए। मैं आपको गारंटी देता हूं कि यहां बिजली भी पर्याप्त आएगी और बिजली के बिल से भी मुक्ति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने प्रयास किया कि साल 2029 से महिलाओं को आरक्षण का फायदा मिलना शुरू हो जाए, लेकिन महिला विरोधी तृणकां ने संसद में इसका विरोध किया। तृणकां ने हर प्रकार का छल और प्रपंच किया, ताकि बंगाल की 33 प्रतिशत महिलाएं विधायक और सांसद न बन पाएं। अब बंगाल की महिलाओं को तृणकां के इस पाप के लिए उसे सजा देनी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला विरोधी तृणकां को अब सरकार से जाना ही होगा। बंगाल की बहनों को उनका हक मिले, सुरक्षा मिले और कमाई का अवसर मिले, यह भाजपा की प्राथमिकता है।


