पाकिस्तान: आतंकवादी ने धमाके से उड़ा दिया ऑटोरिक्शा, 8 लोगों की मौत

35 लोग घायल हो गए

पाकिस्तान: आतंकवादी ने धमाके से उड़ा दिया ऑटोरिक्शा, 8 लोगों की मौत

Photo: ISPROfficial1 FB Page

पेशावर/दक्षिण भारत। उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में मंगलवार को एक आत्मघाती हमलावर द्वारा विस्फोटकों से लदे वाहन में धमाका किए जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें दो सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। वहीं, 35 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

Dakshin Bharat at Google News
यह घटना अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में हुई। ज़िला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने नौरंग बाज़ार के फाटक चौक पर विस्फोटक से लदा अपना तीन-पहिया ऑटोरिक्शा उड़ा दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आठ लोगों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक महिला शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि 35 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सराय नौरंग स्थित तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई लोगों को, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी, आगे के इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के अस्पतालों में भेज दिया गया है। अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया और सभी मेडिकल स्टाफ़ को बुला लिया गया।     

रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शाहदाब खान ने बताया कि राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर एम्बुलेंस और टीमें भेजी गई हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने धमाके का संज्ञान लिया और पुलिस महानिरीक्षक को घटना पर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा, 'इस मुश्किल समय में हम शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रांतीय सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download