पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद ममता के गुंडों को जेल भेजा जाएगा: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने सप्तग्राम में जनसभा को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
सप्तग्राम/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के सप्तग्राम में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाड़ बनाने के लिए बीएसएफ को 600 एकड़ भूमि चाहिए, जो ममता दीदी नहीं दे रही हैं। मैं आपसे वादा करता हूं कि भाजपा सरकार बना दें, हम 45 दिन में बाड़ बनाने के लिए बीएसएफ को पूरी भूमि देने का काम करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि 7 बजे के बाद माताएं घर से बाहर न निकलें। आप भाजपा सरकार बना दें, प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करें कि रात को एक छोटी बच्ची भी स्कूटी से बाहर निकल पाए और किसी गुंडे की आंख उठाकर देखने की हिम्मत न हो।अमित शाह ने कहा कि मोदी ने इस देश को आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्त कराया है। आज मैं कहकर जाता हूं, भाजपा इस देश को घुसपैठियों से भी मुक्त कराएगी। खरगे कहते हैं कि मोदी आतंकवादी हैं। खरगे साहब, शर्म करें, जिस आदमी ने आतंकवाद को समाप्त करने में पूरा जीवन लगा दिया, उसे आप आतंकवादी कहते हैं! जनता पूरा हिसाब करेगी।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद लव जिहाद और लैंड जिहाद दोनों बंद हो जाएंगे। सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग का फायदा और डीए मिलेगा। किसानों को 6,000 की जगह 9,000 रुपए किसान सम्मान निधि देंगे। विधवाएं, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगों की पेंशन 2,000 रुपए करेंगे। सिंडिकेट से मुक्त कराने का काम भी भाजपा करेगी।
अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी 10,000 करोड़ रुपए के कई घोटालों में शामिल हैं। उन्हें लगता है कि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। 5 मई को भाजपा सरकार बनाएगी और दीदी को वह सारा पैसा वापस करना पड़ेगा, जो उन्होंने विभिन्न घोटालों के ज़रिए हड़प लिया है।
अमित शाह ने कहा कि ममता के गुंडों से मत डरिए। पूरे आत्मविश्वास के साथ वोट दीजिए। भाजपा सरकार बनाने जा रही है और ममता के गुंडों को जेल भेजा जाएगा।


