तमिलनाडु विधानसभा में महिलाओं की आवाज़ सुनी जानी चाहिए: तमिलिसाई सौंदरराजन
कहा- 'चुनाव में महिला उम्मीदवारों की जीत का मतलब राजग की जीत होगी'
Photo: drtamilisai4bjp Instagram
चेन्नई/दक्षिण भारत। पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा उम्मीदवार तमिलिसाई सौंदरराजन ने गुरुवार को कहा कि तमिलनाडु विधानसभा में महिलाओं की आवाज़ प्रमुखता से सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में महिला उम्मीदवारों की जीत का मतलब राजग की जीत होगी।
द्रमुक द्वारा पेश किए गए इस नैरेटिव से असहमति जताते हुए कि यह चुनाव तमिलनाडु और दिल्ली के बीच एक मुकाबला है, उन्होंने कहा कि यह लड़ाई उन महिलाओं और द्रमुक के बीच है, जो राज्य में सुरक्षित नहीं है।उन्होंने अपना वोट डालने के बाद मीडिया से कहा, 'यह द्रमुक बनाम तमिलनाडु की महिलाएं है। तमिलनाडु की महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इसलिए, मेरा नैरेटिव है द्रमुक बनाम तमिलनाडु की महिलाएं। अगर तमिलनाडु की महिलाएं जीतती हैं तो राजग जीतेगा।
चेन्नई की मायलापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यह है कि वे उस निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार हैं, जहां मुख्यमंत्री (एमके स्टालिन) मतदाता हैं।
उन्होंने कहा, 'मुझे सचमुच बहुत खुशी है कि मैं लगभग आठ से नौ बार वोट दे चुकी हूं। एक छात्रा के तौर पर भी मैंने वोट दिया और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर भी। यहां तक कि जब मैं राज्यपाल थी, तब भी मैंने अपना निर्वाचन क्षेत्र नहीं बदला, बल्कि यहीं से वोट दिया। मुझे पूरा भरोसा है कि तमिलनाडु की जनता हमारे साथ होगी।'
पेशे से डॉक्टर तमिलिसाई ने कहा कि विधानसभा में महिलाओं की आवाज़ प्रमुखता से सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, 'यह मेरी अपीलों में से एक है।'


