सिद्दरामय्या ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया
राज्यपाल की अनुपस्थिति में इस्तीफ़ा विशेष सचिव को सौंपा
Photo: Siddaramaiah.Official FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या ने गुरुवार को यहां लोक भवन में राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
विशेष सचिव प्रभु शंकर ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत की अनुपस्थिति में इस्तीफ़ा स्वीकार किया। लोक भवन के सूत्रों के अनुसार, गहलोत निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर में हैं।उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी सिद्दरामय्या के साथ थे, जब उन्होंने अपना इस्तीफ़ा सौंपा।
प्रभु शंकर ने बताया, 'मुझे इस्तीफ़ा मिल गया है, लेकिन इसे राज्यपाल स्वीकार करेंगे।'
दिन की शुरुआत में, अपने आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के लिए आयोजित नाश्ते के दौरान, सिद्दरामय्या ने मंत्रियों को अपने पद से हटने के फैसले के बारे में बताया और कहा कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा नाश्ते की बैठक से साझा की गई एक तस्वीर में, सिद्दरामय्या को भावुक शिवकुमार को गले लगाते हुए देखा जा सकता है।
एक अन्य तस्वीर में, मुख्यमंत्री पद के दावेदार शिवकुमार को सिद्दरामय्या के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है।


