पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाके की सुलझ गई गुत्थी!

धमाका करने वाले शख्स की मौत हुई

पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाके की सुलझ गई गुत्थी!

Photo: PixaBay

चंडीगढ़/दक्षिण भारत। पंजाब के पटियाला स्थित शंभू इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ धमाका दरअसल विस्फोट की एक कोशिश थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि सोमवार को धमाका करने की कोशिश कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई है।

यह धमाका शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक के पास हुआ। पुलिस ने इससे पहले बताया था कि घटनास्थल से एक अज्ञात शव बरामद किया गया, जो धमाके में चिथड़े-चिथड़े हो गया था।

शुरुआत में, इसे कम तीव्रता वाला धमाका माना गया था। हालांकि, जांच से पता चला है कि यह धमाका करने का एक प्रयास था।

पुलिस ने बताया कि मालगाड़ियों के लिए बनी पटरी पर रात करीब 10 बजे धमाका हुआ। धमाके से ट्रैक को भी कुछ नुकसान पहुंचा है।

अधिकारी ने बताया, 'देर रात, हमें शंभू-हरियाणा सीमा के पास एक रेलवे ट्रैक पर कम तीव्रता वाले धमाके की सूचना मिली थी। तत्काल मैं, पुलिस उप महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ, स्थिति का जायज़ा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचा।'

एसएसपी ने कहा, 'हमें पता चला कि यह कम तीव्रता वाला धमाका नहीं, बल्कि विस्फोट का एक प्रयास था।'

उन्होंने बताया कि इस प्रयास के दौरान, जो व्यक्ति विस्फोट करने की कोशिश कर रहा था, उसकी मौत हो गई और उसका शव बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सिम कार्ड बरामद किया गया है। उन्होंने कहा, 'उम्मीद है कि हम जल्द ही पूरी साज़िश का पर्दाफ़ाश कर देंगे।'

उन्होंने कहा कि राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां ​​जांच में शामिल हैं।

 

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download