पंजाब: पूर्व डीआईजी भुल्लर और उनसे जुड़ीं संस्थाओं के खिलाफ मामले में ईडी ने छापे मारे
भुल्लर को अक्टूबर 2025 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था
Photo: @dir_ed X account
चंडीगढ़/दक्षिण भारत। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को पंजाब में कई जगहों पर तलाशी ली। यह तलाशी राज्य पुलिस के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनसे जुड़ीं संस्थाओं के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर में आरोपी, उसके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों (वह मालिक जिसके नाम पर बेनामी संपत्ति रखी जाती है) से जुड़े लगभग 11 ठिकानों को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कवर किया जा रहा है।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की यह जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा भुल्लर के खिलाफ दर्ज एक मामले से जुड़ी है। इस मामले में भुल्लर पर आरोप है कि उन्होंने एक आपराधिक मामले को निपटाने के लिए एक बिचौलिए के माध्यम से अवैध रूप से रिश्वत की मांग की थी, और साथ ही उनकी ज्ञात आय के स्रोतों के अनुपात में कहीं अधिक संपत्ति का पता चला था।
अधिकारियों ने बताया कि इन तलाशी अभियानों का उद्देश्य कथित अपराध से प्राप्त आगे की आय का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूत जुटाना है।
भुल्लर, जो पुलिस (रोपड़ रेंज) के उप महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे, को अक्टूबर 2025 में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था। यह गिरफ्तारी तब हुई जब एक स्क्रैप डीलर ने आरोप लगाया कि एक मामले को निपटाने के लिए उससे बिचौलिए के ज़रिए रिश्वत की मांग की गई थी।


