चुनाव के बाद बंगाल में 60 दिन और रहेंगे केंद्रीय बल: अमित शाह
चुनाव बाद होने वाली हिंसा के मद्देनजर लिया गया फैसला
Photo: @AmitShah X account
कोलकाता/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि विधानसभा चुनावों के बाद भी पश्चिम बंगाल में केंद्रीय बल कम से कम 60 दिन और तैनात रहेंगे।
शाह बेहाला में एक रोड शो का नेतृत्व करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे, जहां 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण में मतदान होगा। 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनावों का पहला चरण 23 अप्रैल को हुआ था। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।उन्होंने कहा, 'भाइयों और बहनों, 29 तारीख को जाकर वोट दें, गुंडों की चिंता न करें। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं, और मैं आपको बता रहा हूं कि भले ही भाजपा सत्ता में आ जाए, केंद्रीय बल यहां 60 दिनों तक रहेंगे।'
बेहाला पूरबा और बेहाला पश्चिम से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रोड शो आयोजित किया गया, जिसने दक्षिण कोलकाता के इस इलाके में सियासी हलचल मचा दी।
शाह ने खुले हुड वाली गाड़ी के ऊपर खड़े होकर समर्थकों की ओर हाथ हिलाया और सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े लोगों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।
हज़ारों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक, हाथों में पार्टी के झंडे और नारंगी-हरे गुब्बारे लिए, 'जय श्रीराम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए उमड़ पड़े।
बाद में, शाह ने हुगली ज़िले के चंदननगर में एक और रोड शो में हिस्सा लिया, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी।
इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा के पक्ष में एक ज़ोरदार लहर है और सत्ता में आने के बाद वह सभी घुसपैठियों को बाहर निकाल देगी।
उन्होंने तृणकां सरकार की सामाजिक कल्याण योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया और ज़ोर देकर कहा कि इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल को सोनार बांग्ला में बदलने के लिए राज्य में भाजपा को सत्ता में लाना अनिवार्य है।


