बंगाल में पहले चरण का मतदान बताता है कि दीदी का सूपड़ा साफ होने वाला है: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने पुरसुराह में जनसभा को संबोधित किया

बंगाल में पहले चरण का मतदान बताता है कि दीदी का सूपड़ा साफ होने वाला है: अमित शाह

Photo: @BJP4India X account

पुरसुराह/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के पुरसुराह में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुरसुराह की भूमि बंगाल की आलू की राजधानी है, मगर दीदी की जिद के कारण आलू का दाम किसानों को नहीं मिलता।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने कहा कि 22 रुपए का आलू 2 रुपए में बिकता है और दीदी के माथे पर जूं नहीं रेंगती है। दीदी ने झारखंड, बिहार और ओडिशा में आलू भेजना बंद कर दिया, जिस कारण यहां आलू का दाम गिर गया है। 5 तारीख को भाजपा सरकार बना दें, हम आलू को झारखंड, बिहार और ओडिशा भेजेंगे। अपने आप आलू का दाम बढ़ जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि हमारे घोषणा पत्र में हमने तय किया है कि इस जिले से लेकर विष्णुपुर तक 10 जगह पर आलू की चिप्स बनाने की फैक्ट्री डालेंगे। इससे किसानों को आलू का उचित दाम मिलेगा।

अमित शाह ने कहा कि आप 5 तारीख को भाजपा सरकार बना दें। हम पूरे बंगाल से चुन-चुन कर एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाल देंगे। बंगाल में अभी मुझे कुछ लोग मिले, जो कह रहे थे कि अमित भाई, लोग वोट तो देना चाहते हैं, लेकिन गुंडों से डरते हैं।

अमित शाह ने कहा कि इनसे मत डरना! मैं दीदी के गुंडों को कहकर जाता हूं कि 29 तारीख को घर से बाहर मत निकलना, वरना 5 तारीख के बाद हम तुम्हें सीधा कर देंगे।

अमित शाह ने कहा कि आज कुछ घंटों में ही पहले चरण का मतदान समाप्त हो जाएगा। पहले चरण में दीदी के किसी गुंडे की हिम्मत नहीं हुई कि बंगाल के मतदाताओं को अंगुली भी लगा दें। जिस मात्रा में 4:30 बजे तक 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है, वह बताता है कि पहले चरण में दीदी का सूपड़ा साफ होने वाला है।

अमित शाह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त किया। बंगाल में कमल की सरकार बना दें। हम घुसपैठियों से मुक्त बंगाल बनाने का काम करेंगे।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download