तृणकां सरकार ने प. बंगाल को पलायन का केंद्र बना दिया: प्रधानमंत्री

मोदी ने कूच बिहार में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

तृणकां सरकार ने प. बंगाल को पलायन का केंद्र बना दिया: प्रधानमंत्री

Photo: @BJP4India X account

कूच बिहार/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से मैंने बंगाल में परिवर्तन महाअभियान की शुरुआत की थी। ब्रिगेड ग्राउंड की वे ऐतिहासिक तस्वीरें, जनसैलाब और वो उत्साह, जनता का जूनून ... तब से पूरे तृणकां सिंडिकेट घबराया हुआ है। और आज मैं देख रहा हूं कि ब्रिगेड ग्राउंड में जो बिगुल बजा, कूच बिहार ने उस पर मुहर लगा दी है।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर तृणकां का भय है और  इसका मुकाबला करने के लिए आपके  पास भाजपा का भरोसा है। एक ओर तृणकां के कटमनी और करप्शन का भय है, दूसरी ओर विकास को तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है, दूसरी ओर घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का भाजपा का भरोसा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर संदेश खाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, दूसरी ओर नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण की मोदी की गारंटी है। मैं आपको भरोसा देता हूं कि इस बार चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा। चुन-चुन कर हिसाब किया जाएगा। चार मई के बाद कानून अपना काम करेगा। चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, इस बार न्याय होकर रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहूलुहान कर रही है। यह निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती। दो-तीन दिन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा बंगाल शक्ति पूजा की धरती है। मैं यहां आए सभी बहनों-बेटियों को, बंगाल की हर बहन-बेटियों से कहूंगा कि भाजपा आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है। भाजपा सरकार आएगी तो महिलाओं के सच्चे सशक्तीकरण का रास्ता खोलेगी और ये हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया, लेकिन यह बहुत आवश्यक है कि देश के लिए होने वाले फैसलों में भी महिलाओं की भूमिका और अधिक बढ़े, इसलिए हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन देने का कानून बनाया। पश्चिम बंगाल सहित देशभर की बहनों को साल 2029 के लोकसभा चुनाव से ही इसका फायदा मिले। अब यह सुनिश्चित करने का प्रयास है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं कूच बिहार से देश के सभी राज्यों को फिर याद दिलाता हूं कि जिन भी राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया है, उनको सीटों के विषय में कोई नुकसान नहीं होगा, सभी का फायदा ही होगा। सभी राज्यों की भागीदारी और सबके अधिकार सुरक्षित रहेंगे। हम संसद में इस पर पक्का ठप्पा लगाना चाहते हैं कि महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीटें बढ़ें, ताकि राज्यों को इसका बड़ा फायदा मिले।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां बंगाल में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली है। तृणकां ने बंगाल को पीछे धकेल दिया है। पहले बंगाल में लोग रोजगार के लिए आते थे। निर्मम सरकार ने उसी बंगाल को पलायन का केंद्र बना दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में डेमोग्राफी में खतरनाक बदलाव आया है। इन घुसपैठियों को तृणकां का सीधा संरक्षण मिलता है। उन्हें तृणकां सीधे अपने सिंडिकेट में भर्ती करती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये तृणमूल वाले एसआईआर का विरोध कर रहे हैं, ताकि घुसपैठियों की पहचान न हो सके, उल्टे तृणकां सीएए को रद्द करने की धमकी दे रही है। यानी जिन शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता मिली है, ये उनकी नागरिकता छीनेंगे और वो यह नागरिकता घुसपैठियों को देंगे, क्योंकि तृणकां घुसपैठियों को अपना वोटबैंक मानती है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download