एफआईएस में 160वें क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स कोर्स का समापन समारोह हुआ
बैच में वायुसेना, नौसेना, थल सेना, तटरक्षक बल और मित्र देशों के अधिकारी शामिल थे
अधिकारियों को प्रतिष्ठित बैज से सम्मानित किया गया
चेन्नई/दक्षिण भारत। 160वें क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स कोर्स (क्यूएफआईसी) का समापन समारोह शुक्रवार को एयर फ़ोर्स स्टेशन तांबरम स्थित फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स स्कूल (एफआईएस) में हुआ।
बैच में भारतीय वायुसेना, नौसेना, थल सेना, तटरक्षक बल और मित्र देशों के अधिकारी शामिल थे। समारोह के मुख्य अतिथि ट्रेनिंग कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ़ एयर मार्शल सीतेपल्ली श्रीनिवास थे। एफआईएस के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन केपी सिंह ने इस कोर्स की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।लगभग छह महीने की गहन उड़ान और 200 घंटे के ज़मीनी प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद, इन अधिकारियों को प्रतिष्ठित ‘क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर’ बैज से सम्मानित किया गया। जिन पायलटों ने उड़ान और ज़मीनी विषयों में विशिष्टता हासिल की, उन्हें मुख्य अतिथि ने ट्रॉफ़ियां देकर सम्मानित किया।
ओवरऑल ऑर्डर ऑफ़ मेरिट में प्रथम स्थान के लिए 'मजीठिया ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर तरुण नायर को, 'फिक्स्ड विंग फ्लाइंग' में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए 'अर्जन सिंह ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर तरुण नायर को, 'रोटरी विंग फ्लाइंग' में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए 'अर्जन सिंह ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर विकास यादव को, 'एरोबेटिक्स' में प्रथम स्थान के लिए 'निर्मल जीत सिंह सेखों ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर अभिनंदन को दी गई।
'इंस्ट्रक्शनल टेक्निक' में प्रथम स्थान के लिए 'दिलबाग ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर केपी सिंह को, 'ग्राउंड सब्जेक्ट्स' में प्रथम स्थान के लिए 'सुब्रतो मुखर्जी ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर अलुर सागर वसंत को, ओवरऑल ऑर्डर ऑफ़ मेरिट में दूसरे स्थान के लिए 'मेहर सिंह ट्रॉफी' स्क्वाड्रन लीडर डीएस शेखावत को दी गई।


