सिंदूर उजाड़ने वालों को मोदी सरकार ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए सज़ा दी: नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने असम के जोनाई में पार्टी की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

सिंदूर उजाड़ने वालों को मोदी सरकार ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए सज़ा दी: नितिन नवीन

Photo: @BJPLive X account

जोनाई/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को असम के जोनाई में पार्टी की एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि असम ने वो दिन भी देखे हैं, जब प्रदेश के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था।

Dakshin Bharat at Google News
नितिन नवीन ने कहा कि आज असम में दर्जनभर से अधिक महाविद्यालय खुल गए हैं और 10 से ज्यादा नए महाविद्यालय बनकर तैयार हो रहे हैं। यह असम के विकास की कहानी बयां कर रहे हैं। आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास बढ़ा है। पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है और भारत के विकास की चर्चाएं हो रही हैं। भारत के तिरंगे का मान बढ़ा है, जो यह दिखाता है कि देश की 140 करोड़ जनता आज प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है।

नितिन नवीन ने कहा कि हमें यह याद रखना होगा कि जब पड़ोसी देश ने हमें आंख दिखाने की कोशिश की तो भारत सरकार ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया। एक समय था, जब दिल्ली में ऐसी सरकार थी कि हमारे सैनिकों के सिर काट लिए जाते थे, लेकिन उसकी आवाज नहीं निकलती थी। जिन्होंने हमारी माताओं-बहनों का सिंदूर उजाड़ा, ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से उन लोगों को सजा देने का काम नरेंद्र मोदी सरकार ने किया।

नितिन नवीन ने कहा कि हमें याद है वह समय, जब यहां कांग्रेस की सरकारें चलती थीं, तब यहां अशांति का माहौल था। समाज के अलग-अलग लोग आपस में तनाव के वातावरण में रहते थे। उस तनाव के वातावरण को समाप्त कर भाजपा सरकार ने असम में शांति, विश्वास और विकास का वातावरण बनाया है।

नितिन नवीन ने कहा कि एक समय ऐसी सरकार थी, जिसकी न नीति स्पष्ट थी और न ही नीयत। जिसका नेतृत्वकर्ता ऐसा व्यक्ति था, जो कहता था कि मेरे लिए 33 करोड़ जनता सबसे बड़ी चुनौती है। लेकिन हमें गर्व है हमारे प्रधानमंत्री पर, जो कहते हैं कि 140 करोड़ जनता मेरी ताकत है, मेरी ऊर्जा है और जिसके विश्वास से मैं इतना बड़ा काम करता हूं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download