... तो इजराइल के परमाणु ठिकाने को निशाना बनाएगा ईरान!
इजराइल ने तेहरान में कम से कम 15 पुलिस स्टेशनों पर हमला किया
Photo: @Khamenei_fa X account
तेहरान/दक्षिण भारत। ईरान ने इजराइल और अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह न्यूक्लियर साइट डिमोना को निशाना बना सकता है। एक ईरानी समाचार एजेंसी ने सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि अगर इज़राइल और अमेरिका इस्लामिक गणतंत्र में शासन बदलना चाहते हैं तो ईरान इज़राइली परमाणु साइट डिमोना को निशाना बनाएगा।
बता दें कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस ऑपरेशन का मकसद 'ईरानी लोगों के लिए शासन को बदलने के लिए हालात बनाना है।'जेरूसलम पोस्ट के अनुसार, कुछ लोगों ने कहा है कि ट्रंप शर्त पूरी होने का दावा कर सकते हैं और कुछ ही दिनों में ऑपरेशन खत्म कर सकते हैं। वहीं, यह भी दावा किया जा रहा है कि जब तक असल में शासन में बदलाव नहीं होता, अमेरिका लड़ाई में बना रहेगा।
जेरूसलम पोस्ट ने बताया कि 'ट्रंप इस कदम को पूरी तरह से आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने पहले ही निशाना तय कर लिया है। वे शासन को बदलना चाहते हैं और उनका कोई इरादा नहीं है कि वे अपनी रफ़्तार कम करें।'
अमेरिकी और इज़राइली अधिकारियों ने बताया कि सरकार अभी मौजूदा हालात को संभालने में मुश्किल महसूस कर रही है। इसकी वजह न सिर्फ़ वरिष्ठ सरकारी और सैन्य नेताओं को हुआ नुकसान है, खासकर ऑपरेशन के शुरुआती पलों में, बल्कि मध्य-स्तर के कमांडरों, फील्ड यूनिट्स और कमांड सेंटर्स पर हुए हमले भी हैं।
ईरानी सरकार को अस्थिर करने और उसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन को दबाने की क्षमता को कमज़ोर करने की कोशिश में, इज़राइल और अमेरिका ने न सिर्फ़ इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स और उससे जुड़े मिलिशिया, बासिज की जगहों को, बल्कि पुलिस स्टेशनों को भी निशाना बनाया है।
इजराइली मीडिया में प्लैनेटस्कोप सैटेलाइट इमेजरी का एक विश्लेषण प्रकाशित किया गया है, जिसमें दिखाया गया कि तेहरान में कम से कम 15 पुलिस स्टेशनों पर हमला किया गया। इन हमलों का मकसद विरोध प्रदर्शनों में आने वाले अवरोध को पहले ही खत्म कर देना है।


