राहुल महाजन ने विदेशी मॉडल से रचाई तीसरी शादी, उम्र में 18 साल का फासला

राहुल महाजन ने विदेशी मॉडल से रचाई तीसरी शादी, उम्र में 18 साल का फासला

मुंबई। दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन के बेटे राहुल महाजन ने फिर शादी रचाई है। यह उनकी तीसरी शादी है। राहुल महाजन बिग बॉस में भी आ चुके हैं। अब उन्होंने 25 साल की कजाकिस्तानी मॉडल नताल्या इलीना से शादी की है। 43 साल के राहुल की पत्नी उनसे 18 साल छोटी हैं। उन्होंने 20 नवंबर को एक निजी समारोह में शादी की। अब शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया में आई हैं।

इस संबंध में राहुल ने बताया कि उन्होंने नताल्या के साथ यहां मालाबार हिल स्थित एक मंदिर में शादी की। इसमें परिवार और करीबी लोग ही शामिल हुए थे। राहुल ने बताया कि उन्होंने पूर्व में दो शादियां काफी धूमधाम के साथ की थीं, लेकिन दोनों ही नहीं चलीं। लिहाजा वे इस बार दिखावा नहीं चाहते थे और निजी कार्यक्रम में शादी रचाई।

इस रिश्ते के बारे में राहुल ने बताया कि वे नताल्या को पिछले एक साल से जानते हैं। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अच्छी तरह समझा। राहुल ने बताया कि नताल्या बिजनेस शुरू करना चाहती हैं जिसमें वे उनका साथ देंगे। उन्होंने बताया कि पारिवारिक जीवन के लिए मन की शांति होना बहुत जरूरी है। दंपती की उम्र में इस अंतर पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए कोई मायने नहीं रखता।

बता दें कि राहुल महाजन का निजी जीवन काफी उथलपुथल भरा रहा है। उनकी पहली शादी श्वेता सिंह से हुई, जो उनकी बचपन की दोस्त थीं। यह शादी टूट गई। श्वेता ने राहुल पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। इसके बाद राहुल ने दूसरी शादी डिंपी गांगुली से की थी। यह शादी एक टीवी शो के जरिए हुई थी। बाद में डिंपी ने राहुल पर घरेलू हिंसा जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। वह शादी भी टूट गई। अब राहुल ने नताल्या से तीसरी शादी की है।

पेशे से पायलट रह चुके राहुल महाजन के पिता प्रमोद महाजन भाजपा के दिग्गज नेता थे। उनके देहांत के बाद सियासी हलकों में राहुल को भविष्य के नेता के तौर पर देखा जाने लगा था। हालांकि उसके बाद उनके साथ कई विवाद जुड़ गए। उनकी बहन पूनम महाजन लोकसभा सांसद हैं। राहुल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। शादी का समाचार मिलने के बाद उन्हें लोग बधाई दे रहे हैं।

Google News
Tags:

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News