मप्र क्रूज़ बोट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई

बरगी बांध पर तलाशी अभियान जारी

मप्र क्रूज़ बोट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई

Photo: PixaBay

जबलपुर/दक्षिण भारत। बरगी बांध हादसे में मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर नौ हो गई। बचाव दल ने पांच और लोगों के शव बरामद किए हैं। ये लोग उस क्रूज बोट पर सवार थे जो मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित जलाशय में पलट गई थी।

Dakshin Bharat at Google News
मीडिया से बात करते हुए, मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा, 'गुरुवार को चार शव बरामद किए गए, जबकि बचाव अभियान के दौरान तड़के पांच शव मिले, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।'

उन्होंने कहा कि अब तक 22 लोगों को बचाया जा चुका है।

मंत्री ने कहा कि मामले की गहन जांच की जाएगी और जीवित बचे लोगों में से एक द्वारा उठाए गए 'लाइफ़ जैकेट' के मुद्दे की भी जांच की जाएगी।

लोधी ने कहा कि लापता लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान पूरी तेज़ी से चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम को अचानक तूफ़ान की चपेट में आने के बाद, 29 यात्रियों और दो क्रू सदस्यों को लेकर जा रही एक क्रूज़ बोट बरगी बांध में पलट गई।

बरगी बांध जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बनाया गया है।

राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि लापता यात्रियों की तलाश और बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा, जिसमें सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी शामिल हुईं।
 
उन्होंने कहा कि क्रूज़ बोट को पानी से बाहर निकालने के लिए हाइड्रोलिक क्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज़ हवाओं के कारण पानी में हलचल बढ़ गई, जिससे नाव पर सवार कई लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और चालक दल से नाव को वापस किनारे की ओर ले जाने को कहा।

हालांकि, क्रू इन चीखों को सुन नहीं पाया और नाव बहकर आगे निकल गई और फिर पलट गई। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से लाइफ जैकेट पहने यात्रियों को बचाया।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download