संभावित आतंकी खतरे को लेकर दिल्ली हाई अलर्ट पर

कई जगह सुरक्षा बढ़ाई गई

संभावित आतंकी खतरे को लेकर दिल्ली हाई अलर्ट पर

Photo: Google

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। खुफिया इनपुट से संभावित आतंकी खतरे का संकेत मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसके चलते दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील स्थानों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
एक सूत्र ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय और आस-पास के सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके तहत सशस्त्र कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती, बैरिकेडिंग और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, एजेंसियों को मध्य दिल्ली में प्रमुख दफ़्तरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की संभावित कोशिशों के बारे में अलर्ट मिले हैं। उनके अनुसार, आत्मघाती हमले, गाड़ियों में रखे इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) गोलीबारी और सुनियोजित हमलों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

सूत्रों ने बताया कि पूरे शहर में महत्त्वपूर्ण सरकारी इमारतों, राजनीतिक कार्यालयों, बाजारों, परिवहन केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग यूनिट और त्वरित प्रतिक्रिया टीम, जिसमें दिल्ली अग्निशमन सेवा भी शामिल है, को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
  
सूत्र ने बताया, 'पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और खड़े वाहनों पर कड़ी नज़र रखने के निर्देश दिए गए हैं।' कानून-व्यवस्था के नज़रिए से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों और बस्तियों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत किया गया है। स्थानीय पुलिस रैंडम चेकिंग अभियान और सत्यापन की कार्रवाई कर रही है।

सूत्र ने बताया कि सभी ज़िला इकाइयों को सतर्क रहने तथा खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों के साथ निकट समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नज़र रख रहे हैं और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download