ईरान ने अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ अपने हमलों का दायरा बढ़ाने की चेतावनी दी
ड्रोन ने कुवैत के अल-ओदेइरी कैंप में मौजूद अमेरिकी ठिकाने को निशाना बनाया
Photo: @Khamenei_fa X account
तेहरान/दक्षिण भारत। ईरानी सेना ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में दुश्मन के ठिकानों पर अपने हमलों को तेज करेगी। साथ ही, उनका विस्तार भी करेगी। उसने इज़राइली और अमेरिकी लक्ष्यों पर किए गए नए हमलों की एक सीरीज की घोषणा भी की है।
खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता के एक बयान के अनुसार, देश की वायु और नौसेनाओं ने कब्ज़े वाले क्षेत्रों की ओर विस्फोटक ड्रोन भेजे, जिन्होंने रामत डेविड एयर बेस और माउंट मेरोन रडार साइट को निशाना बनाया।बयान में यह भी कहा गया कि नौसेना के हमलावर ड्रोन ने कुवैत के अल-ओदेइरी कैंप में मौजूद अमेरिकी 'आतंकवादियों' के ठिकाने को निशाना बनाया।
इसके अलावा, सेना के जमीनी बलों ने इराक के एरबिल में अमेरिकी आतंकवादियों के मुख्यालय पर ड्रोन हमला किया।
ईरान ने तेल अवीव पर खोर्रमशहर‑4 मिसाइलें दागीं
आईआरजीसी ने एक बयान जारी किया है कि इजराइली शासन और अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमले की अपनी नई लहर के दौरान, उसने खोर्रमशहर-4 मिसाइल लॉन्च की और वे बेन गुरियन एयरपोर्ट पर गिरीं।
अपने एक बयान में, आईआरजीसी ने कहा कि एडवांस्ड भारी खोर्रमशहर-4 मिसाइलों को ट्रू प्रॉमिस ऑपरेशन की 19वीं लहर के दौरान लॉन्च किया गया।
बयान में कहा गया है कि मिसाइलों के वारहेड का वज़न 1,000 किग्रा है और इसे तेल अवीव और बेन गुरियन एयरपोर्ट के बीचों-बीच और इजराइली शासन के 27 एयरबेस पर दागा गया।
इसमें यह भी बताया गया कि खोर्रमशहर मिसाइलों ने एयरडिफेंस की 7 परतों को पार किया और हमलावरों के लिए तबाही मचा दी।


