एनसीएमसी कार्ड: तेजस्वी सूर्या ने नागरिकों को हो रही असुविधा का मुद्दा उठाया

कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी को लिखा पत्र

एनसीएमसी कार्ड: तेजस्वी सूर्या ने नागरिकों को हो रही असुविधा का मुद्दा उठाया

Photo: @Tejasvi_Surya X account

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। बेंगलूरु दक्षिण से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने मंगलवार को एनसीएमसी कार्ड को लेकर नागरिकों को हो रही असुविधा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने साल 2020 में एनसीएमसी कार्ड लॉन्च किया था, जिसे परिवहन प्रणालियों को टोल भुगतान और रिटेल खरीद जैसी अन्य सुविधाओं के साथ एकीकृत किया गया था। इसका मकसद जीवन को आसान बनाना है।

Dakshin Bharat at Google News
भाजपा सांसद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बेंगलूरु ने अभी तक बीएमटीसी के साथ इसे लागू नहीं किया है। बीएमएलटीए या डीयूएलटी जैसी समन्वय एजेंसी के बिना यह एक चुनौती बनी हुई है। राजनीतिक मतभेदों के कारण केंद्र सरकार की पहल का क्रियान्वयन न होने से आखिरकार नागरिकों पर असर पड़ता है।

तेजस्वी सूर्या ने कहा कि मैंने कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी से अनुरोध किया है कि वे यात्रियों को निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए एनसीएमसी को जल्द से जल्द लागू करने के लिए कदम उठाएं।

उन्होंने मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि अहमदाबाद और मुंबई जैसे कई शहरों ने इस कार्ड को पहले ही सफलतापूर्वक अपना लिया, जिससे मेट्रो रेल, बसों और अन्य प्रणालियों में निर्बाध एकीकरण सुनिश्चित हो गया है। हालांकि, बेंगलूरु में एनसीएमसी का कार्यान्वयन सीमित रहा है। वर्तमान में, पार्किंग व्यवस्था, फीडर बसें और परिवहन के अन्य संबद्ध साधन इस ढांचे में एकीकृत नहीं हैं।

तेजस्वी सूर्या ने कहा कि पूर्णतः क्रियान्वित एनसीएमसी प्रणाली से यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने, आखिर तक कनेक्टिविटी में सुधार करने तथा सार्वजनिक परिवहन की दक्षता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा, बीएमटीसी, बीएमआरसीएल और किसी भी अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवा के लिए टिकट खरीदने के वास्ते एक ही ऐप से यात्रियों को निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download