केजरीवाल पर शाह का निशाना- 'आपके यहां भगदड़ क्यों मची है?'
शाह ने दिल्ली के बिजवासन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया

Photo: BJP X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली के बिजवासन विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते 'आप' पर खूब निशाना साधा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 10 साल तक 'आप' और केजरीवाल ने जनता को धोखा देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी के नाम पर ऐसी सड़कें दीं कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क, यह पता ही नहीं चलता! पाइप के माध्यम से ये प्रदूषित पानी भेजने का काम कर रहे हैं। मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर 65,000 फर्जी टेस्ट कराने का घोटाला किया। बारिश में बिजवासन तो छोड़िए, बल्कि आधी दिल्ली तालाब बन जाती है।अमित शाह ने कहा कि इन्होंने (केजरीवाल ने) अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया, इसलिए आज इनके 50 प्रतिशत से ज्यादा विधायक इन्हें छोड़ चुके हैं। केजरीवालजी, आपके यहां ये भगदड़ क्यों मची है?
अमित शाह ने कहा कि आज मैं नई दिल्ली वालों की ओर से आपको बताने आया हूं कि वहां केजरीवाल स्वयं चुनाव हार रहे हैं। दिल्ली की जनता इस झूठे व्यक्ति को जान गई है। अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान इन्होंने कहा था कि हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था कि हम गाड़ी नहीं लेंगे, लेकिन गाड़ी ली। इन्होंने कहा था कि सिक्योरिटी नहीं लेंगे, लेकिन सिक्योरिटी ली। इन्होंने कहा था कि बंगला नहीं लेंगे, लेकिन इन्होंने अपने लिए 52 करोड़ रुपए का 50 हजार गज का शीश महल बना लिया।
अमित शाह ने कहा कि इन्होंने घोटालों की भरमार कर दी। हजारों करोड़ का शराब घोटाला किया और मंदिर, स्कूल, गुरुद्वारे के पास शराब की दुकानें खोल दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि 28,400 करोड़ का जल बोर्ड का घोटाला किया। 4,500 करोड़ का डीटीसी बस घोटाला किया। 1,300 करोड़ का क्लास रूम घोटाला किया। 571 करोड़ का सीसीटीवी घोटाला किया और 65,000 नकली टेस्ट का घोटाला किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़कर आए केजरीवाल स्वयं भ्रष्टाचार की मूर्ति बन गए और 'बड़े मियां-छोटे मियां' दोनों शराब घोटाले में जेल गए।
अमित शाह ने कहा कि इन्होंने अभी-अभी एक पाप किया है। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार यमुना के पानी में जहर घोल रही है। केजरीवाल तो खुद को हरियाणा का बेटा कहते थे, लेकिन अब इन्होंने हरियाणा का अपमान किया है। ये स्वयं पानी को शुद्ध नहीं कर पाए, इसलिए हरियाणा पर आरोप लगा रहे हैं और हरियाणा वालों का अपमान कर रहे हैं।
अमित शाह ने द्वारका में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने जो वादे किए, वो सारे वादे पूरे किए। दस साल तक केंद्र में सोनिया-मनमोहन की सरकार थी और पाकिस्तान से आतंकवादी आते थे, बम धमाके करते थे और आराम से चले जाते थे। कोई कुछ नहीं करता था।
अमित शाह ने कहा कि साल 2014 में आपने मोदी को देश का प्रधानमंत्री बना दिया। उरी और पुलवामा में हमला हुआ, 10 दिन के अंदर ही पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल व एयर स्ट्राइक कर आतंकियों का सफाया किया। वे भूल गए थे कि अब कांग्रेस की सरकार नहीं है, नरेंद्र मोदी की सरकार है, भाजपा की सरकार है।
अमित शाह ने कहा कि आप लोग यह तिथि लिख कर रख लेना ... 31 मार्च, 2026 से पहले हम भारत को नक्सलवाद से मुक्त करा देंगे, जमीन के नीचे दफना देंगे। मोदी ने इस देश को सुरक्षित और समृद्ध करने का काम किया है। मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर लाने का काम किया और आप लिख कर रख लें ... हम साल 2027 में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बनाएंगे।
अमित शाह ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की डबल इंजन की सरकारें हैं, वे राज्य विकास के मामले में कहां से कहां पहुंच गए, लेकिन यह दिल्ली वहीं की वहीं रह गई, पिछड़ गई! इस बार आप लोग दिल्ली में भाजपा की सरकार बना दें। हम दिल्ली को दुनिया की सबसे बेहतर राजधानी बनाकर दिखाएंगे।