दिल्ली: 'आप' के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई
विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है
By News Desk
On
Photo: @dtptraffic X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली पुलिस ने रविवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा घोषित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर यहां भाजपा मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन की योजना को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी एक एडवाइजरी जारी की है।एक्स पर एक पोस्ट में यातायात पुलिस ने कहा कि दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर एक राजनीतिक दल के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर डीडीयू मार्ग, आईपी मार्ग, मिंटो रोड और विकास मार्ग पर यातायात भारी रहेगा।
उसने बताया कि डीडीयू मार्ग सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात के लिए बंद किया जा सकता है। कृपया इन सड़कों से बचें और उसके अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।


