कर्नाटक: भाजपा ने मंत्रियों-विधायकों के कार्यालयों में राजनीतिक गतिविधियों का आरोप लगाया, शिकायत की
भाजपा ने कहा- 'ऐसा लगता है कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विधान सौधा को कांग्रेस कार्यालय समझ लिया है'
![कर्नाटक: भाजपा ने मंत्रियों-विधायकों के कार्यालयों में राजनीतिक गतिविधियों का आरोप लगाया, शिकायत की](https://www.dakshinbharat.com/media-webp/2024-03/karnataka-bjp.jpg)
Photo: @BJP4Karnataka X account
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। राज्य में कांग्रेस सरकार के मंत्रियों और विधायकों के कार्यालयों में कथित रूप से जारी राजनीतिक गतिविधियों के संबंध में भाजपा ने रविवार को कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की।
पार्टी विधायक और पूर्व मंत्री एस सुरेश कुमार के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रियों और विधायकों को सरकारी भवनों में कोई भी राजनीतिक गतिविधि करने से रोकने के लिए कहा है।
भाजपा ने एक बयान में कहा, 'ऐसा लगता है कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विधान सौधा को कांग्रेस कार्यालय समझ लिया है। 30 मार्च को शिवकुमार ने विधान सौधा कार्यालय में नजमा नज़ीर चिकनेरले को कांग्रेस पार्टी में शामिल करने का आयोजन करके चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया।'
इसमें शिवकुमार पर यह जानते हुए भी कि ऐसा नहीं किया जाना चाहिए, सरकारी कार्यालय में एक राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करके आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया।
भाजपा ने कहा कि लोकसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है और नामांकन पत्र दाखिल करना शुरू हो चुका है, लेकिन सरकारी अधिकारियों द्वारा आचार संहिता को लागू करने में कमी स्पष्ट है।
भाजपा ने यह भी कहा कि उसने चुनाव अधिकारियों को सूचित किया है कि सत्तारूढ़ दल के कई विधायकों के कार्यालयों में पार्टी संबंधी गतिविधियां अब भी चल रही हैं।
Comment List