कांग्रेस के बैंक खातों पर कार्रवाई होने के बाद सिद्दरामैया ने दिया यह बयान

उन्होंने कहा, 'चुनाव लड़ने से रोकने के लिए भाजपा द्वारा कांग्रेस को इस तरह परेशान करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है'

कांग्रेस के बैंक खातों पर कार्रवाई होने के बाद सिद्दरामैया ने दिया यह बयान

Photo: Siddaramaiah.Official FB page

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी नीत राजग सरकार पर आगामी लोकसभा चुनाव में हार के डर से कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामैया ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि देश की जनता भाजपा को स्पष्ट रूप से खारिज कर देगी और भारत को 'बचाएगी'।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का लोकतंत्र और संविधान में कोई विश्वास नहीं है, बल्कि तानाशाही में विश्वास है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की।

यह दावा करते हुए कि लोगों द्वारा स्वेच्छा से दान किया गया पैसा कांग्रेस के खातों में था, सिद्दरामैया ने 'छोटे तकनीकी कारण' के लिए पूरे खाते को फ्रीज करने पर नाराजगी व्यक्त की और इसे 'तानाशाही भरा रवैया' बताया।

यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, 'चुनाव लड़ने से रोकने के लिए भाजपा द्वारा कांग्रेस को इस तरह परेशान करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। यह निंदनीय है।'

सिद्दरामैया ने आरोप लगाया ​कि भाजपा के लिए असमानता होनी चाहिए, जाति व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, बेरोजगारी बढ़नी चाहिए, किसानों की समस्या का समाधान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा, 'भाजपा की मंशा है कि कांग्रेस इन मुद्दों के खिलाफ न लड़े। कांग्रेस के पास चुनाव के लिए पैसा न हो, इसलिए बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएए, पुलवामा, अयोध्या के नाम पर और कितने साल तक भारतीयों को भावनात्मक रूप से गुमराह करेंगे? आप लोगों की समस्याओं पर प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं, बल्कि उन्हें भावनात्मक रूप से भड़का रहे हैं। भारत की जनता इस बार आपको सत्ता से हटा देगी।

एआईसीसी के कर्नाटक के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं और दावा किया कि 'लोकतंत्र पर हमला हो रहा है।'

उन्होंने भाजपा पर संविधान या दल-बदल विरोधी कानून के खिलाफ जाकर विभिन्न राज्यों में विपक्षी विधायकों और नेताओं को लुभाने के लिए बाहुबल और धनबल का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download